कविता पाठ सम्मेलन का वरिष्ठ हास्य कवि एवं लेखक गौरव त्रिपाठी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत् शुभारम्भ किया गया….


भीमताल: लेक्स इन्टरनेशनल स्कूल, में बाल कवि सम्मेलन की धूम रही। दो राउन्ड से चयन के बाद विद्यालय के श्रेष्ठ 25 बाल कवियों द्वारा अपनी कविता का पठन किया गया। विद्यालय सभागार में आयोजित कविता पाठ सम्मेलन का वरिष्ठ हास्य कवि एवं लेखक गौरव त्रिपाठी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत् शुभारम्भ किया गया। जिसके उपरान्त बाल कवियों ने अपनी कवितायें प्रस्तुत की। बाल कवि मीमांसा बिष्ट की कविता ‘पेड़ की आत्मकथा और दिव्येन्दु शर्मा की कविता ‘नौजवानो तुम्हें पहाड़ बुला रहा है’ को अत्यधिक सराहना मिली। कविता पाठ प्रतियोगिता में मीमांसा बिष्ट, मनुश्री पन्त, एंजल गोस्वामी और दिव्येन्दु शर्मा अपने-अपने वर्ग में प्रथम, देवांश जोशी, साफियान मंसूरी, भाविका भंडारी और हर्षिता जोशी द्वितीय, तथा फाल्गुनी बिष्ट, एंजल सौम्या, आराध्या उप्रेती और हंसिका भण्डारी को संयुक्त रुप से तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।….

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतियोगिता के निर्णायक के रुप में हल्द्वानी से पधारे वरिष्ठ कवि गौरव त्रिपाठी ने सभी बाल कवियों को कविता लेखन की बारीकियों से अवगत कराते हुए हास्य कवितायें प्रस्तुत की और सभी कवियों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रदान करते हुए पुरस्कार प्रदान किए।….

कार्यक्रम का समापन करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य/निदेशक श्री एस०एस० नेगी ने वरिष्ठ कवि गौरव त्रिपाठी को शाल ओढ़ाकर स्मृति चिन्ह भेंट किया और सभागार में उपस्थित सभी अतिथियों, उपस्थित अभिभावक, शिक्षक वर्ग एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद व्यक्त किया और सभी बाल कवियों की कविताओं की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन हिन्दी शिक्षक एस०एस० बिष्ट द्वारा किया किया।