सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उनके योगदान का स्मरण, जनपद के समस्त राजकीय कार्यालयों में आयोजित हुए शपथ ग्रहण कार्यक्रम




चम्पावत, 31 अक्टूबर, ।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कार्यालय सभागार में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने तथा देशवासियों के बीच राष्ट्रीय एकता का संदेश प्रसारित करने की शपथ ली।
समारोह में सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं राष्ट्र के एकीकरण में उनके योगदान का स्मरण किया गया। स्वतंत्र भारत को एक सूत्र में पिरोने के उनके प्रयास राष्ट्रीय एकता और सामूहिक उत्तरदायित्व की प्रेरणा देते हैं। राष्ट्रीय एकता दिवस देश की विविधता में एकता की भावना को सुदृढ़ करने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लेने का अवसर है।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को शपथ दिलाई कि वे राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए समर्पित रहेंगे तथा इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का भरसक प्रयास करेंगे। सभी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों से साकार हुई राष्ट्रीय एकता की भावना को बनाए रखने और देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का सत्यनिष्ठा से संकल्प लिया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त राजकीय कार्यालयों, उपक्रमों एवं संस्थाओं में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्मिकों ने आपसी सद्भाव, सहयोग और एकता की भावना के साथ राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, जिला विकास अधिकारी दिनेश दिगारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तिकीर्ति तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित समस्त विभागाध्यक्ष एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

