रानीखेत: चिकित्सालय की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर युवा कांग्रेस मुखर,हाईटेक एम्बुलेंस में टेक्निशियन की नियुक्ति से लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती तक 7 प्रमुख मांगें उठाईं,मांगें पूरी न होने पर आम जनता के साथ आंदोलन की चेतावनी! ✍️संदीप पाठक ब्यूरो चीफ की रिपोर्ट

खबर शेयर करें -

रानीखेत। गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय, रानीखेत की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं एवं मरीजों की सुविधाओं को लेकर युवा कांग्रेस ने प्रशासन के समक्ष सात महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं। इस संबंध में संयुक्त मजिस्ट्रेट, रानीखेत को पत्र भेजकर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार एवं मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

युवा कांग्रेस ने कहा कि रानीखेत चिकित्सालय में चिकित्सकों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या पहले से ही सीमित है तथा रानीखेत सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी उपचार के लिए इसी चिकित्सालय पर निर्भर है। ऐसे में अस्पताल के चिकित्सकों को आपदा एवं सरकारी कैम्पों में भेजे जाने से यहां की नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।

युवा कांग्रेस ने निम्नलिखित प्रमुख मांगें उठाई हैं—

  1. हाईटेक एम्बुलेंस में टेक्निशियन की नियुक्ति की जाए
    पूर्व विधायक करन माहरा द्वारा उपलब्ध कराई गई हाईटेक एम्बुलेंस में विगत चार वर्षों से टेक्निशियन की नियुक्ति न होने के कारण क्षेत्रवासियों को इस सुविधा का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। मांग की गई कि हाईटेक एम्बुलेंस में तत्काल आवश्यक टेक्निशियन की नियुक्ति की जाए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को इसका पूरा लाभ मिल सके।
  2. विशेषज्ञ चिकित्सकों को कैम्पों में न भेजा जाए
    चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को देखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों को आपदा एवं सरकारी कैम्पों में ड्यूटी पर न भेजकर आपातकालीन चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं प्रभावित न हों।
  3. पर्ची काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाए
    मरीजों की सुविधा एवं लंबी कतारों से राहत के लिए चिकित्सालय में पर्ची काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाए।
  4. गर्भवती महिलाओं के लिए अलग अल्ट्रासाउंड पर्ची काउंटर स्थापित किया जाए
    गर्भवती महिलाओं की सुविधा को देखते हुए अल्ट्रासाउंड की पर्ची के लिए अलग काउंटर स्थापित किया जाए, ताकि उन्हें लंबी कतारों एवं अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
  5. डायलिसिस मशीन को सुचारू कर नेफ्रोलॉजिस्ट की स्थायी नियुक्ति की जाए
    काफी समय से उपयोग में न आ रही डायलिसिस मशीन को तत्काल सुचारू किया जाए तथा नेफ्रोलॉजिस्ट की स्थायी नियुक्ति की जाए, ताकि क्षेत्र के मरीजों को डायलिसिस के लिए अन्य शहरों की ओर न जाना पड़े।
  6. पुरानी 108 एम्बुलेंस के स्थान पर नई एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जाए
    कई वर्षों से संचालित 108 एम्बुलेंस अब चलने योग्य स्थिति में नहीं हैं। युवा कांग्रेस ने मांग की कि इनके स्थान पर नई 108 एम्बुलेंस रानीखेत चिकित्सालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर सुरक्षित चिकित्सा परिवहन मिल सके।
  7. रिक्त पद पर रेडियोलॉजिस्ट की जल्द नियुक्ति की जाए
    गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड में आ रही समस्याओं को देखते हुए रिक्त रेडियोलॉजिस्ट के पद पर जल्द से जल्द नियुक्ति की जाए, ताकि गर्भवती महिलाओं को समय पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिल सके और उन्हें अन्य स्थानों पर न जाना पड़े।

युवा कांग्रेस ने कहा कि गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय रानीखेत एवं आसपास के पर्वतीय ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। यहां चिकित्सकों, विशेषज्ञों, चिकित्सा उपकरणों एवं आपातकालीन सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था किया जाना जनहित में अत्यंत आवश्यक है।

युवा कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की कि इन सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि अस्पताल की नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं अथवा जनहित से जुड़ी इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आम जनमानस के साथ जनहित में आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।

कार्यक्रम युवा विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पंत के नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर युवा ….

कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अंकित रावत, जिला उपाध्यक्ष संजय बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष अजय रावत, रुद्र माहरा, मनोज कोरंगा, दीपक सोंटियाल, ललित नेगी, अभिनव माहरा एवं भावेश पंत, सहित विधानसभा कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी ने प्रशासन से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad