भीमताल:निजी विद्यालयों की शुल्क संबंधी शिकायतों की समीक्षा, जांच एवं निस्तारण के निर्देश.! Ashok gulati एडिटर इन चीफ

खबर शेयर करें -

भीमताल 22 अगस्त ।

जिलाधिकारी नैनीताल की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन, में निजी विद्यालयों की शुल्क संबंधी शिकायतों एवं प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड स्तर पर निजी विद्यालयों द्वारा शुल्क के विभिन्न मदों में किए गए समायोजन तथा लंबित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि विकासखंड के अंतर्गत संचालित 39 निजी विद्यालयों द्वारा विभिन्न मदों में शुल्क का समायोजन किया गया है। इसके भौतिक सत्यापन के लिए संबंधित प्रधानाचार्यों को नामित किया गया है।

इसके अतिरिक्त विकासखंड के अंतर्गत पूर्व में 17 निजी विद्यालयों को जारी नोटिसों के संबंध में जांच एवं अनुपालन की कार्रवाई मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल द्वारा गठित जांच समिति के माध्यम से की जा रही है।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर अभिभावक श्री बृजलाल मीणा द्वारा शुल्क के संबंध में दर्ज शिकायत की भी समीक्षा की गई। प्रकरण में कार्रवाई के उपरांत अभिभावक द्वारा विद्यालय प्रशासन से वार्ता कर वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की गई। इसके बाद उन्होंने अपनी सभी शंकाओं के समाधान के संबंध में लिखित रूप से अवगत कराया है।

इसी प्रकार श्री भुवेश भट्ट, निवासी हिम्मतपुर चौम्वाल, द्वारा डॉन बॉस्को स्कूल के संबंध में की गई शिकायत की जांच के उपरांत प्रकरण का समाधान किया गया। विद्यालय द्वारा अतिरिक्त शुल्क की धनराशि का समायोजन अगस्त एवं सितंबर 2026 की फीस में किया जाएगा। अन्य प्रकरणों में भी नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया गतिमान है।

वेंडी पब्लिक स्कूल प्रकरण में 31 अगस्त को स्थलीय जांच एवं सुनवाई

बैठक में वेंडी पब्लिक स्कूल, दौलतपुर से संबंधित विभिन्न शिकायतों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विद्यालय के प्रबंधक/प्रधानाचार्य द्वारा उपलब्ध कराए गए तथ्यों एवं शिकायतों का संज्ञान लेते हुए सभी प्रकरणों की पारदर्शी जांच एवं निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।

इस क्रम में 31 अगस्त 2026 (सोमवार) को प्रातः 10:00 बजे से वेंडी पब्लिक स्कूल, दौलतपुर में स्थलीय जांच की जाएगी। इसके पश्चात उसी दिन दोपहर 1:00 बजे से राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय, कालाढूंगी रोड, हल्द्वानी स्थित सीआरसी कार्यालय में सुनवाई आयोजित की जाएगी।

उक्त प्रकरण की जांच एवं सुनवाई के लिए छह सदस्यीय समिति नामित की गई है। साथ ही मुख्य शिक्षा अधिकारी, नैनीताल द्वारा श्री इन्द्र सिंह, वित्त अधिकारी, विद्यालयी शिक्षा, नैनीताल को भी उक्त प्रकरण की जांच के लिए नामित किया गया है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निजी विद्यालयों से संबंधित शुल्क प्रकरणों की जांच निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं नियमानुसार सुनिश्चित की जाए तथा अभिभावकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad