
चंपावत 16 जुलाई l
उत्तराखंड के लोक पर्व ‘हरेला’ के अवसर पर गुरुवार को जिला न्यायालय परिसर, चम्पावत में एक वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया।
यह अभियान माननीय जिला जज एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत श्री अनुज कुमार संगल की अध्यक्षता में तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत श्री भवदीप रावते के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
अभियान का शुभारंभ करते हुए माननीय जिला जज, समस्त न्यायिक अधिकारियों, बार संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रकार के फलदार, छायादार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान माननीय जिला जज ने पर्यावरण संरक्षण की महत्ता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमारे पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। प्रकृति को सुरक्षित रखने की हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने न्यायालय के समस्त स्टाफ और अधिवक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि हमारा कर्तव्य केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जब तक वे पौधे बड़े वृक्ष नहीं बन जाते, तब तक उनकी पूरी देखभाल और सुरक्षा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
माननीय जिला जज ने समाज को संदेश देते हुए अपील की कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन के विशेष और मांगलिक अवसरों, जैसे जन्मदिन या वर्षगांठ, पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
संपूर्ण परिसर ने इस अभियान को सफल बनाने और रोपे गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
इस विशेष अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती निहारिका मित्तल गुप्ता, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) श्रीमती रश्मि गोयल, सिविल जज (जूनियर डिवीजन) श्री विशाल गोयल सहित जिला बार संघ के समस्त सम्मानित अधिवक्तागण, जिला न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सभी अधिकारी, कर्मचारी और पी.एल.वी. (पैरा लीगल वालंटियर्स) उपस्थित रहे और सभी ने उत्साहपूर्वक इस अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज की।