अध्यक्ष मुकेश बोरा ने तीन समितियों में बांटा 29.39 लाख का बोनस

हल्द्वानी। धनतेरस और दीपावली से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने दुग्ध उत्पादकों को बोनस वितरित कर त्योहार की खुशियां बढ़ा दीं। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में रामपुर रोड हल्द्वानी स्थित बेड़ा पोखरा, कालाढूंगी की कमोला और दोहनिया दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में बोनस वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। तीनों समितियों में कुल 3 करोड़ 81 लाख 41 हजार 440 रुपये की दुग्ध खरीद पर 29 लाख 39 हजार 104 रुपये का बोनस वितरित किया गया। बोनस मिलने पर दुग्ध उत्पादकों ने दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा का आभार जताया।
बेड़ा पोखरा समिति को मिला सर्वाधिक बोनस
बोनस वितरण के तहत बेड़ा पोखरा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति में 1 करोड़ 24 लाख 51 हजार 891 रुपये की दुग्ध खरीद पर 13 लाख 94 हजार 748 रुपये का बोनस दिया गया। कमोला समिति में 1 करोड़ 42 लाख रुपये की दुग्ध खरीद पर 10 लाख रुपये तथा दोहनिया समिति में 1 करोड़ 14 लाख 89 हजार 549 रुपये की खरीद पर 5 लाख 44 हजार 356 रुपये का बोनस वितरित किया गया। इस दौरान कमोला समिति में वर्ष 2025-26 की 49वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक भी आयोजित की गई।
दुग्ध उत्पादकों के हित सर्वाेपरि : मुकेश बोरा
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति सजग, संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। पशुपालकों की मेहनत का सम्मान करने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों का विश्वास और सहयोग ही संघ की असली ताकत है। उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके हितों को प्राथमिकता देना संघ की प्रतिबद्धता है। …..

अधिक दूध उत्पादन करने वाले पशुपालक सम्मानित
कार्यक्रम में अधिक दूध उपलब्ध कराने वाले दुग्ध उत्पादकों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष हेमंती राणा, एसपी सिंह, बचे सिंह, शेखर जोशी, विनोद चंद्र बेलवाल, सचिव हीरा सिंह गंगोला, दयाकिशन सुयाल, संरक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह तथा दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू और एफओ शांति कोरंगा सहित कई दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे।

