
चंपावत : भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार दिनांक 30 अक्टूबर, 2026 को जनपद चम्पावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। इसके साथ ही गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, जिसके मद्देनजर क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
संभावित आपदा और खराब मौसम की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
इस संबंध में जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण श्री मनीष कुमार ने निर्देश देते हुए कहा है कि आईआरएस (IRS) में नामित समस्त अधिकारी पूरी तरह अलर्ट स्थिति में रहेंगे।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH), लोनिवि (PWD), पीएमजीएसवाई (PMGSY) और एनपीसीसी (NPCC) के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मोटर मार्गों के बाधित होने की दशा में आवश्यक सावधानी बरतते हुए तुरंत मार्ग खुलवाना सुनिश्चित किया जाए, विशेषकर ठूलीगाड़ मोटर मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद के समस्त तहसीलदार और पटवारी अपने-अपने क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से बने रहेंगे। इसके साथ ही सभी थानों और चौकियों को भी आपदा से संबंधित उपकरणों व व्यवस्थाओं के साथ अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। जिला सूचना अधिकारी को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे इस महत्वपूर्ण मौसम चेतावनी एवं सूचना को आम जनमानस तक व्यापक रूप से प्रसारित करना सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। किसी भी प्रकार की आपदा या दुर्घटना की सूचना तुरंत जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबरों (05965-230819, 230703, 1077) अथवा मोबाइल नंबरों (9917384226, 7895318895) पर दी जा सकती है।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि इस अवधि के दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का मोबाइल फोन बंद ना रहे।

