चम्पावत: परिषदीय परीक्षा 2027 के केंद्र निर्धारण हेतु बैठक आयोजित: पाटी ब्लॉक के दूरस्थ राजकीय इंटर कॉलेज बिनवालगांव को पहली बार बनाया गया नया परीक्षा केंद्र, छात्रों को मिलेगी बड़ी राहत! Ashok gulati एडिटर इन चीफ

खबर शेयर करें -

जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में परिषदीय परीक्षा 2027 एवं परीक्षाफल सुधार परीक्षा 2026 (द्वितीय) के केंद्र निर्धारण हेतु जनपदीय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण और व्यवस्थाओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। इस वर्ष जनपद चम्पावत में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की आगामी परीक्षाओं के संचालन हेतु कुल 45 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 44 मिश्रित केंद्र और 01 एकल केंद्र शामिल है।

​बैठक के दौरान जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के परीक्षार्थियों के हित को सर्वोपरि रखते हुए कई अहम निर्देश दिए। जिलाधिकारी के अनुमोदन और छात्र हित को ध्यान में रखते हुए विकासखंड पाटी के अंतर्गत आने वाले दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बिनवालगांव को पहली बार नवीन परीक्षा केंद्र के रूप में गठित किया गया है। पूर्व में इस विद्यालय के छात्रों को परीक्षा देने के लिए लगभग 26 किलोमीटर दूर राजकीय इंटर कॉलेज मछियाड़ जाना पड़ता था।

जिलाधिकारी ने कहा कि बिनवालगांव में नया केंद्र बनने से विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस पाटी ब्लॉक के छात्र-छात्राओं को लंबी दूरी तय करने की समस्या से मुक्ति मिलेगी और उनके समय व श्रम की भारी बचत होगी।

​छात्रों की सुविधा को और बेहतर बनाते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने अन्य क्षेत्रों के मार्गों और दूरियों की भी समीक्षा की। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोली (विकासखंड चम्पावत) के छात्रों की असुविधा को देखते हुए जिलाधिकारी ने इसका पूर्व निर्धारित केंद्र (रा०इ०का० भिंगराड़ा, जो कि 15 किमी दूर था) बदलकर अधिक सुगम और कम दूरी (12 किमी) वाले राजकीय इंटर कालेज दुबचौड़ा करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त, विषम भौगोलिक परिस्थितियों और छात्र हित को देखते हुए जिलाधिकारी ने मानक (60 परीक्षार्थी) से कम संख्या होने के बावजूद रा०इ०का० सूखीढांग, रमक, गरसाड़ी और बिनवालगांव समेत कई अन्य विद्यालयों को भी परीक्षा केंद्र बनाए जाने के निर्देश दिए ताकि किसी भी छात्र को आवागमन में परेशानी न हो।

​जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी परिषदीय परीक्षाओं के संचालन के दौरान परीक्षा की पवित्रता, पूर्ण गोपनीयता और सुचिता हर हाल में बनाई रखी जानी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा से जुड़ी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी श्री धिनो पुरुषोत्तमन, मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मान सिंह समेत विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad