


रानीखेत : सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में मिशन इंटर कॉ लेज के प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय महिला रामलीला प्रतियोगिता के पहले दिन महिला टीमों ने अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में पूर्व प्रमुख हीरा सिंह रावत बतौर मुख्य अतिथि और भाजपा नेत्री विमला रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
पहली बार आयोजित दो दिवसीय महिला रामलीला प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरा सिंह रावत और भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री विमला रावत व सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सांस्कृतिक समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि हीरा सिंह रावत ने महिला रामलीला आयोजन को महिलाओं में छिपी प्रतिभा को निखारने और उन्हें पुरुषों के वर्चस्व वाले मंचों पर समान भागीदारी देने का एक शानदार प्रयास बताया। विशिष्ट अतिथि विमला रावत ने कहा कि इस तरह के आयोजन महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हैं और घरेलू कामकाजी महिलाओं की छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करते हैं। सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष विमल सती ने स्वागत संबोधन में कहा कि यह शुरुआत रानीखेत के लिए मील का पत्थर साबित होगी। समिति सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन एवं संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। महिला रामलीला का आयोजन महिलाओं में आत्मविश्वास व नेतृत्व क्षमता के विकास के साथ उनके कलात्मक कौशल को आगे लाना है।
इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति की ओर से अध्यक्ष द्वारा रामलीला मंचन के प्रति वर्षों के योगदान के लिए खड़ी बाजार रानीखेत, इंदिरा बस्ती, जैनोली, लालकुर्ती, कुनेलाखेत, चिलियानौला , रियूनी मजखाली रामलीला समितियों को सम्मानित किया गया।
पहले दिन मंच पर मातृ शक्ति समूह रानीखेत ने परशुराम लक्ष्मण संवाद,गौरा स्वयं सहायता समूह चिलियानौला ने शूर्पणखा नासिका छेदन प्रसंग,जय मां काली स्वयं सहायता समूह पाखुडा़ ने सीता स्वयंवर प्रसंग, सांस्कृतिक समिति ने ताड़का वध की शानदार प्रस्तुति दी। संचालन दीपक पंत ने किया।
इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति के हरीश लाल साह, गौरव भट्ट, राजेन्द्र पंत, गौरव तिवारी, अभिषेक कांडपाल, गीता पवार, रीना वर्मा ,नेहा साह, संजय पंत, शिवमन्दिर समिति के कैलाश पांडे, जगदीश अग्रवाल,सी एस जैन, एच एस कड़ाकोटी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।