
रानीखेत (संवाददाता)। पर्यटन नगरी रानीखेत की चरमराई स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अब सियासी पारा चढ़ गया है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत ने स्थानीय गोविंद सिंह मेहरा राजकीय चिकित्सालय की खस्ताहाल स्थिति को लेकर क्षेत्रीय विधायक के स्वास्थ्य संबंधी दावों की तीखी आलोचना करते हुए उनकी पोल खोल दी है। आरोप है कि एक ओर विधायक को अपने चहेतों को प्राधिकरण सदस्य जैसे उच्च पद बांटने से ही फुर्सत नहीं मिल रही है, वहीं दूसरी ओर अस्पताल में लगी मशीनें धूल फांक रही हैं और जनता इलाज के लिए दर-दर भटक रही है। इस उपेक्षा से क्षुब्ध पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने गुरुवार (आज) सुबह 11:00 बजे से अस्पताल परिसर में ही आमरण अनशन पर बैठने का ऐलान किया है।
चहेतों के घेरे में गुमराह हो रहे हैं विधायक, जनता भुगत रही खामियाजा
पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विधायक हमेशा विकास और स्वास्थ्य सुधार के बड़े-बड़े दावे करते रहते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक अपने चहेतों के पीछे लगे हुए हैं और वही चहेते उन्हें रानीखेत की वास्तविक स्थिति से गुमराह कर रहे हैं। स्थिति यह है कि विधायक महज औपचारिक रूप से विभागों का निरीक्षण कर जनता को दिखावा मात्र कर रहे हैं, जबकि ठोस काम शून्य है। जनप्रतिनिधि को अपने करीबियों को पद दिलाने से ही फुर्सत नहीं मिल पा रही है, जिसका सीधा खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
शोपीस बनी अस्पताल की मशीनें, रेफर सेंटर बनकर रह गया चिकित्सालय
स्थानीय गोविंद सिंह मेहरा चिकित्सालय का भवन और व्यवस्थाएं पूरी तरह जीर्ण-शीर्ण हो चुकी हैं। अस्पताल में जो लाखों की मशीनें लगाई गई हैं, वे भी तकनीशियनों और रखरखाव के अभाव में कार्य नहीं कर पा रही हैं और महज शोपीस बनकर रह गई हैं। इसके साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों (स्पेशलिस्ट) की भारी कमी और अल्ट्रासाउंड की सुविधा ठप होने के कारण मरीजों को प्राथमिक उपचार के नाम पर सीधे हायर सेंटर रेफर कर दिया जा रहा है।
गर्भवती महिलाओं की पीड़ा पर प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौन
अस्पताल की इस बदहाली का सबसे बुरा असर क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं पर पड़ रहा है। समय पर अल्ट्रासाउंड और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह न मिलने से गर्भवती महिलाओं को जान जोखिम में डालकर और भारी आर्थिक बोझ उठाते हुए मैदानी क्षेत्रों के अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ रही है।
अस्पताल में ही शुरू होगा आर-पार का आंदोलन
जनता के स्वास्थ्य के साथ हो रहे इस खिलवाड़ से आहत होकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत ने आर-पार की लड़ाई का निर्णय लिया है। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक चिकित्सालय की बंद पड़ी मशीनों को चालू नहीं किया जाता, अल्ट्रासाउंड की सुविधा बहाल नहीं होती और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती नहीं की जाती, तब तक वह अस्पताल में अपना आमरण अनशन जारी रखेंगे।

