सनातन और सेना का अपमान करने वालों को जनता देगी जवाबः धामी
रुद्रपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रदेशभर में निकाली जा रही ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के तहत मंगलवार को जिला मुख्यालय रुद्रपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विशाल पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों का हुजूम उमड़ पड़ा। जोश, उत्साह और जोरदार नारेबाजी के बीच निकली पदयात्रा ने शहर के प्रमुख मार्गों पर माहौल को भाजपामय बना दिया। पूरा शहर भाजपा के झंडों, बैनरों और नारों से सराबोर नजर आया। पदयात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के रुद्रपुर आगमन पर भाजपा जिला संगठन और नगर निगम की ओर से व्यापक तैयारियां की गई थीं। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी पार्क में आयोजित विशाल जनसभा से हुई। जनसभा से पूर्व मुख्यमंत्री ने गांधी पार्क में नगर निगम की ओर से आयोजित स्वदेशी दीपावली मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इसे बाद जनसभा हुई और तत्पश्चात पदयात्रा का शुभारंभ होते ही कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सबसे आगे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के संदेश से सुसज्जित रथ चल रहा था। इसके पीछे छोलिया नृत्य प्रस्तुत करते कलाकारों की आकर्षक झांकी पदयात्रा की शोभा बढ़ा रही थी। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों की प्रस्तुति ने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता हाथों में पार्टी के झंडे और पदयात्रा के संदेश से जुड़े बैनर लेकर आगे बढ़े। उनके पीछे हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं का काफिला चलता रहा।
गांधी पार्क से शुरू हुई पदयात्रा बाटा चौक पहुंची, जहां से मुख्य बाजार होते हुए भगत सिंह चौक और अग्रवाल धर्मशाला मार्ग से आगे बढ़ी। इसके बाद पदयात्रा काशीपुर बाईपास और अग्रसेन चौक होते हुए पुनः गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। पदयात्रा जिस भी मार्ग से गुजरी, वहां बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही। बाजारों में व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और समर्थकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लिए कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे। जय श्रीराम और मुख्यमंत्री धामी जिंदाबाद के नारों से शहर का वातावरण गूंजता रहा।
पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम की ओर से पदयात्रा मार्ग पर पांच अलग-अलग स्थानों पर जेसीबी मशीनों के माध्यम से पुष्पवर्षा की व्यवस्था की गई थी। जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला इन स्थानों पर पहुंचा, जेसीबी से फूल बरसाकर उनका स्वागत किया गया। आसमान से बरसते फूलों के बीच मुख्यमंत्री का अभिनंदन करने का यह अनूठा अंदाज लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। इसके अलावा कई स्थानों पर लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों की छतों से भी पुष्पवर्षा की। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों ने भी मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
पदयात्रा में सिख समुदाय, मोबाइल एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। जगह-जगह स्वागत द्वार और पुष्पवर्षा के माध्यम से लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया। पूरे मार्ग पर उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने कार्यक्रम को शहर के बड़े राजनीतिक आयोजनों में शामिल कर दिया।
पदयात्रा में भाजपा के प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ नेताओं सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह-प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा एवं सौरभ बहुगुणा, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट एवं श्रीपाल राणा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इसके अलावा जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, काशीपुर जिलाध्यक्ष मनोज पाल, विधायक शिव अरोड़ा, त्रिलोक सिंह चीमा एवं अरविंद पांडेय, महापौर विकास शर्मा, दीपक बाली, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, गुंजन सुखीजा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, डॉ. प्रेम सिंह राणा, डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, राजेश कुमार, खिलेंद्र चौधरी, संकेत अग्रवाल, पुष्कर काला, भारत भूषण चुघ, गुरबिंदर सिंह चंदोक, विनय रुहेला और बलराज पासी,दर्जा राज्यमंत्री उत्तम दत्ता, रामपाल सिंह, सुरेश कोली, गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह बिष्ट, रजीत सिंह नामधारी, खतीब अहमद, संजय बछाड़, मनजीत राजू, सीमा चौहान, प्रीत ग्रोवर और परविंद्र विर्क सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी, पूर्व विधायक, प्रदेश प्रवक्ता, जिला प्रभारी, जिला सह-प्रभारी, विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहे जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।…











रुद्रपुर। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले मंगलवार को गांधी पार्क में आयोजित भाजपा की विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही न्याय यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को न्याय यात्रा निकालने के बजाय अपने कार्यकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल को भ्रष्टाचार, महिला अपराध और अत्याचारों से भरा बताते हुए राहुल गांधी पर सनातन धर्म, भारतीय सेना और देश के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाया। जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद अजय भट्ट और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस आज प्रदेश में न्याय यात्रा निकालकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में हुए भ्रष्टाचार और अत्याचारों का हिसाब जनता आज भी मांग रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न्याय यात्रा निकालने के बजाय अपने पुराने कार्यकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने लगातार सनातन धर्म और देश की सांस्कृतिक परंपराओं को नीचा दिखाने का प्रयास किया है। उनकी राजनीति का उद्देश्य केवल विरोध करना रह गया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता के दिलों में बसते हैं। इसके विपरीत कांग्रेस के नेता राजनीतिक हताशा में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जब भी सत्ता में रही, भ्रष्टाचार, महिला अपराध और अव्यवस्थाओं के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सत्ता से बाहर रहने के बाद भी कांग्रेस ने सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय देश और प्रदेश के विकास कार्यों में बाधा डालने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सेना के जवान कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, लेकिन कांग्रेस के नेता सेना की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के प्रति राहुल गांधी की टिप्पणी को भी अनुचित बताते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले लोगों के प्रति इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।…

उत्तराखंड राज्य आंदोलन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक सितंबर 1994 को खटीमा गोलीकांड में सात राज्य आंदोलनकारियों ने अपनी शहादत दी थी। उस समय उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव की सरकार थी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। मुजफ्फरनगर गोलीकांड को भी उत्तराखंड की जनता कभी नहीं भूल सकती। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से उत्तराखंड के लोगों को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता अपने सम्मान और स्वाभिमान के प्रति हमेशा सजग रही है और प्रदेश की अस्मिता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी निशाना साधते हुए हल्द्वानी में आयोजित उनकी रैली के बाद हुए विवाद का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सभी जाति और वर्गों के लोग आपसी सद्भाव के साथ रहते हैं। कांग्रेस के नेता राजनीतिक लाभ के लिए समाज में भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता उनके राजनीतिक मंसूबों को सफल नहीं होने देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री अब तक 28 बार उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं। उनके मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में विकास की अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने नैनीताल और ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मेडिकल कॉलेज, पंतनगर एयरपोर्ट के विकास, किच्छा में एम्स के सेटेलाइट सेंटर, जमरानी बांध परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और सड़कों के चौड़ीकरण जैसे कार्यों को गिनाया। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि जब उसे लंबे समय तक प्रदेश और देश में सरकार चलाने का अवसर मिला था, तब इन बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए प्रभावी प्रयास क्यों नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।
जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनता के जनादेश का सम्मान करना आवश्यक है। राजनीतिक दलों को जनता के फैसले को स्वीकार करते हुए रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। मेनन ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक आधार उसकी कार्यकर्ता शक्ति और जनता के साथ निरंतर संपर्क है। पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए आगे बढ़ रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अपने संबोधन में कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुए महिला अपराधों और भ्रष्टाचार के मामलों को उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज अंकिता भंडारी हत्याकांड और न्याय यात्रा के नाम पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से सजा दिलाई जा चुकी है। भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में महिला अपराधों और घोटालों से जुड़े अनेक मामले सामने आए थे, लेकिन आज वही कांग्रेस नैतिकता की बात कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी।
सांसद अजय भट्ट ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर राजनीतिक मुद्दों के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति मिली है। केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से कुमाऊं क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती है। भाजपा कार्यकर्ताओं को सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता के बीच राजनीतिक भ्रम फैलाने के बजाय विपक्ष को विकास और जनहित के मुद्दों पर अपनी बात रखनी चाहिए।
जनसभा को कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडेय, विधायक शिव अरोड़ा, महापौर विकास शर्मा और दर्जा राज्य मंत्री सुरेश कोली सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने कांग्रेस की नीतियों और प्रदेश में उसके राजनीतिक अभियानों पर सवाल उठाते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।….









इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट एवं श्रीपाल राणा, जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, काशीपुर जिलाध्यक्ष मनोज पाल, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, काशीपुर महापौर दीपक बाली, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, गुंजन सुखीजा, राजेश शुक्ला, डॉ. प्रेम सिंह राणा, डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, राजेश कुमार, खिलेंद्र चौधरी, संकेत अग्रवाल, पुष्कर काला, भारत भूषण चुघ, गुरबिंदर सिंह चंदोक, विनय रुहेला, बलराज पासी, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, रामपाल सिंह, सुरेश कोली, गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह बिष्ट, रंजीत सिंह नामधारी, खतीब अहमद, संजय बछाड़, मनजीत राजू, सीमा चौहान, प्रीत ग्रोवर एवं परविंद्र विर्क सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

