




हल्द्वानी। रॉयल एनक्लेव में सर्व शक्तिपीठ की भव्य स्थापना के साथ ही पूरे क्षेत्र में नवरात्रि के पावन अवसर पर भक्ति और धर्म की एक अनूठी लहर चल पड़ी है। यह देवभूमि सुयश अग्रवाल द्वारा दान की गई भूमि पर स्थापित की गई है। मूर्ति स्थापना का यह मुख्य कार्यक्रम माता वैष्णो देवी से लाई गई पवित्र ज्योत और भव्य कलश यात्रा के साथ पूरी धार्मिक निष्ठा से संपन्न हुआ।
स्थापना के इस पावन अवसर पर गुरुकुल विद्यालय के छात्रों ने रामलीला के चुनिंदा अंशों का मनमोहक मंचन कर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजकों ने बताया कि सर्व शक्तिपीठ परिसर में आगामी विजयादशमी (दशहरे) तक लगातार विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। वर्तमान में यहां रोजाना विशिष्ट भजन-कीर्तन, पूजा-आराधना और स्थानीय बाल कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, जिससे समूचा क्षेत्र भक्तिमय रस में डूबा हुआ है।
इस भव्य और ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में देश व क्षेत्र की कई जानी-मानी हस्तियां सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं। मुख्य आयोजकों में सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार पंत, गुरुकुल इंटरनेशनल के डायरेक्टर वी.बी. नैनवाल, भूमि दाता सुयश अग्रवाल, रामवीर वर्मा, मनोज जोशी, भूपेंद्र चंद्र पाठक तथा राजेंद्र मनराल शामिल हैं, जो लगातार व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित कर रहे हैं।

