

रानीखेत, संवाददाता। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में सप्ताहांत (वीकेंड) पर भीड़ नियंत्रण के नाम पर होने वाला रूट डायवर्जन और सालों से अधर में लटका बाईपास निर्माण अब पूरे कुमाऊं में एक बड़े राजनीतिक और आर्थिक विवाद का रूप ले चुका है। एक तरफ सरकार संकरे पहाड़ी मार्गों व वन भूमि की अड़चनों को अपनी मजबूरी बता रही है, वहीं दूसरी ओर अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लोगों में यह आशंका गहराती जा रही है कि कहीं यह पूरा अव्यवस्था तंत्र पर्यटन को केवल नैनीताल जिले तक सीमित रखने की एक सोची-समझी रणनीति तो नहीं है।
सालों से कागजों और फाइलों में उलझा बाईपास, कब मिलेगा अस्तित्व?
भवाली सैनिटोरियम से रातीघाट (दूनीखाल-पाडली) तक बनने वाले कैंची धाम बाईपास की घोषणा हुए सालों बीत चुके हैं, लेकिन यह मार्ग आज तक पूरी तरह अस्तित्व में नहीं आ सका है। कभी वन भूमि के पेंच, कभी बजट की धीमी रफ्तार तो कभी निर्माण कार्यों में सुस्ती के चलते यह महत्वाकांक्षी परियोजना लगातार टलती रही है। सवाल यह उठ रहा है कि जब करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और चार जिलों की लाइफलाइन इस मार्ग पर टिकी है, तो सरकार इसे युद्धस्तर पर पूरा क्यों नहीं करवा पा रही है?
पर्यटन को नैनीताल तक सीमित रखने की साजिश का संदेह
अल्मोड़ा, रानीखेत, कौसानी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के होटल कारोबारियों, व्यापारियों और स्थानीय प्रबुद्धजनों के बीच अब एक गंभीर चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। लोगों का मानना है कि सप्ताहांत पर घंटों के जाम और मुक्तेश्वर-रामगढ़ या धारी-धानाचूली के लंबे रूट डायवर्जन से परेशान होकर बाहरी राज्यों के पर्यटक आगे के पहाड़ी जिलों (रानीखेत, अल्मोड़ा, कौसानी, बागेश्वर) की ओर जाने का विचार ही त्याग देते हैं। स्थानीय लोगों को संदेह है कि इसके पीछे एक सोची-समझी लॉबी काम कर रही है, ताकि पूरा पर्यटन व्यवसाय केवल नैनीताल, भीमताल और भवाली क्षेत्र तक ही सिमट कर रहे—जिससे वहां की जमीनों व प्रॉपर्टी के दाम आसमान छूते रहें और नए रिसॉर्ट्स व होटलों का कारोबार फलता-फूलता रहे, जबकि भीतरी पहाड़ के जिले पर्यटन से वंचित रह जाएं।
आम जनता को डायवर्जन की सजा, वीआईपी के लिए खुला दरवाजा
यात्रियों का आरोप है कि एक ओर बाईपास न बनने से आम जनता और मरीज लंबे डायवर्जन का दंश झेल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मंदिर के मुख्य द्वार के सामने वीआईपी वाहनों की कतारें जाम को और विकराल बना देती हैं। आम श्रद्धालुओं की गाड़ियों को मीलों दूर रोक दिया जाता है, जबकि प्रभावशाली लोगों के वाहन सीधे मंदिर गेट तक पहुंचते हैं। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन बिना दबाव के सख्ती बरते, तो जाम की समस्या आधी रह सकती है।
चार जिलों के विधायकों की रहस्यमयी चुप्पी: विधानसभा में क्यों नहीं गूंजती पहाड़ की पीड़ा?
इस पूरे प्रकरण में सबसे बड़ा और गंभीर सवाल अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के विधायकों की भूमिका पर खड़ा हो रहा है। ये चारों जिले यातायात, स्वास्थ्य और व्यापार के लिए सीधे तौर पर इसी राजमार्ग पर निर्भर हैं। हर सप्ताहांत इन जिलों के हजारों नागरिक, मरीज और व्यापारी घंटों के जाम व डायवर्जन की मार झेलते हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि इन क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि इस विकराल समस्या पर पूरी तरह मौन साधे हुए हैं। स्थानीय जनता के बीच यह तीखी बहस छिड़ी हुई है कि आखिर ऐसी कौन सी राजनीतिक मजबूरी है, जिसके चलते इन चारों जिलों के विधायक सदन में इस मुद्दे पर हंगामा करने और सरकार को कटघरे में खड़ा करने से कतरा रहे हैं। लोगों का साफ कहना है कि जिस मुद्दे पर विधानसभा की कार्यवाही ठप होनी चाहिए थी और सरकार से समयबद्ध जवाब मांगा जाना चाहिए था, उस पर जनप्रतिनिधियों की यह खामोशी पहाड़ के हितों के साथ सीधा खिलवाड़ है।
नेताओं के अपने-अपने दावे और आरोप-प्रत्यारोप
इस मामले में कांग्रेस नेता एवं रानीखेत के पूर्व विधायक करन माहरा ने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि बाईपास निर्माण में जानबूझकर की जा रही देरी और अव्यवस्थित डायवर्जन से रानीखेत, अल्मोड़ा और पूरे पर्वतीय कुमाऊं का पर्यटन व व्यापार बर्बाद हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से मरीज और आम यात्री घंटों जाम में फंसे रहते हैं।
दूसरी ओर, नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार बाईपास को लेकर गंभीर हैं। उनके अनुसार वन भूमि की बाधाएं दूर होने और सड़क के सुधारीकरण व डामरीकरण के लिए बजट की मंजूरी मिलने के बाद काम में तेजी आई है और जल्द ही बाईपास जनता को समर्पित होगा।
वहीं, नैनीताल की विधायक सरिता आर्या और रानीखेत के विधायक प्रमोद नैनवाल सहित सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों का तर्क है कि कैंची धाम में श्रद्धालुओं की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के कारण यातायात दबाव बढ़ा है, लेकिन सरकार स्थायी समाधान के लिए बाईपास और पार्किंग परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। हालांकि, प्रभावित जिलों के नागरिक अपने विधायकों से मांग कर रहे हैं कि वे केवल आश्वासनों तक सीमित न रहें, बल्कि विधानसभा के भीतर और बाहर इस मुद्दे पर निर्णायक लड़ाई लड़ें।
तात्कालिक समाधान: 300 मीटर का ‘ब्लैंक कॉरिडोर’ (ख़ाली कॉरिडोर) बने
जब तक बाईपास पूरी तरह शुरू नहीं होता, तब तक सप्ताहांत पर राहत के लिए स्थानीय नागरिकों ने एक ठोस मॉडल सुझाया है। इसके तहत हल्द्वानी-भवाली और रानीखेत-अल्मोड़ा दोनों ओर से आने वाली टैक्सियों व शटल वाहनों की पार्किंग मंदिर से कम से कम आधा-आधा किलोमीटर दूर बनाई जानी चाहिए। साथ ही, मंदिर के मुख्य द्वार के सामने के लगभग 250 से 300 मीटर के मार्ग को सप्ताहांत पर पूरी तरह ‘ब्लैंक कॉरिडोर’ यानी ख़ाली कॉरिडोर घोषित किया जाए, जहां किसी भी वीआईपी या निजी वाहन को रुकने की अनुमति न हो। इसके अलावा मंदिर के बाहर सड़क पर पैदल घूमने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस के साथ प्रशिक्षित जनसेवियों (स्वयंसेवकों) की तैनाती की जाए, ताकि मुख्य राजमार्ग हर समय ख़ाली और सुचारू बना रहे।

