


हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी पूजनीय माताजी, स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश जी के विकास कार्यों एवं जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए आज अपनी विधायक निधि से स्वीकृत श्री लटूरिया महाराज आश्रम के मंदिर परिसर में ₹25 लाख की लागत से बनने वाले जन मिलन केंद्र (हॉल) का शिलान्यास एवं विधिवत भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर जन मिलन केंद्र के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। यह केंद्र क्षेत्रवासियों के लिए सामाजिक, धार्मिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु एक बेहतर स्थान उपलब्ध कराएगा। साथ ही, यह स्थानीय नागरिकों के आपसी मेल-मिलाप, सामाजिक सहभागिता और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शिलान्यास एवं भूमि पूजन के अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि उनकी पूजनीय माताजी, स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश जी ने सदैव हल्द्वानी के विकास और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके द्वारा स्थापित विकास एवं जनसेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाना उनका संकल्प है।
उन्होंने कहा, “मैं अपनी माताजी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए हल्द्वानी के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव तत्पर था, हूँ और रहूँगा। क्षेत्र की जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाना और हल्द्वानी को प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर रखना मेरी प्राथमिकता है।”
विधायक सुमित हृदयेश ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि हल्द्वानी के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, वार्ड संख्या 20 के पार्षद हेमंत कुमार शर्मा, श्री लटूरिया महाराज आश्रम समिति के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, महामंत्री बिपिन गुप्ता, समिति के संरक्षक डॉ. सतीश चंद्र अग्रवाल, हेमंत बगड़वाल, जीवन सिंह कार्की, नरेश अग्रवाल, एन.बी. गुणवंत, गोविंद बगड़वाल, प्रदीप सबरवाल, प्रेम गुप्ता, विनय विरमानी, नीरज गर्ग, राजीव अग्रवाल, भोला केसरवानी, विजय अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों एवं स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

