



चंपावत 06 अक्टूबर 2026, सूवि।
चंपावत :जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों तथा मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह के मार्गदर्शन में सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) अभियान के अंतर्गत आज न्याय पंचायत डुमडाई में आयोजित सेवा संकल्प अभियान शिविर में उपस्थित आम जनमानस को विस्तृत रूप से निर्वाचन प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
शिविर के दौरान अधिकारियों एवं वक्ताओं द्वारा उपस्थित नागरिकों को बिना किसी भय अथवा दबाव के शत-प्रतिशत अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान यह जानकारी दी गई कि ‘कोई मतदाता न छूटे’ तथा ‘मेरा वोट मेरा अभिमान’ थीम के तहत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) एवं बूथ अवेयरनेस ग्रुप (बीएजी) के माध्यम से मतदान प्रक्रिया एवं मतदाताओं को मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार जनपद के प्रत्येक बूथ तक किया जा रहा है।
ईएलसी राजकीय इंटर कॉलेज पुलहिंडोला की अध्यक्ष कुमारी भावना पंत ने युवाओं को जागरूक करते हुए बताया कि जिन नागरिकों की आयु 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे निर्वाचक नामावली में अपना नाम पंजीकृत कराने हेतु प्रारूप-6 में आवेदन अवश्य करें। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 03 अक्टूबर को किया जा चुका है, अतः सभी नागरिक ‘ceo uttarakhand’ अथवा ‘voters.eci.gov.in’ पोर्टल पर जाकर अपना नाम सूची में अनिवार्य रूप से जांच लें।
कार्यक्रम के अंत में स्वीप के सहायक जिला नोडल अधिकारी श्री जीवन कलौनी द्वारा उपस्थित समस्त जनसमुदाय को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा एवं अनिवार्य मतदान हेतु मतदाता शपथ दिलाई गई।
इस जागरूकता कार्यक्रम में दायित्वधारी श्रीमती हेमा जोशी, पूर्व विधायक लोहाघाट श्री पूरन फर्त्याल, उप जिलाधिकारी लोहाघाट श्रीमती नीतू डांगर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ वसुंधरा गर्ब्याल, खंड विकास अधिकारी लोहाघाट श्री कविंद्र रावत सहित विभिन्न जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं तथा छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे।

