
देहरादून : दिल्ली पब्लिक स्कूल, 2026 को शैक्षणिक सत्र 2025–26 के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रतिष्ठित स्कॉलर बैज समारोह 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर 300 से अधिक विद्यार्थियों को उनकी मेहनत, लगन, समर्पण एवं शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए स्कॉलर बैज प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में उत्तराखंड शासन के विद्यालयी शिक्षा विभाग की सचिव एवं आईएएस अधिकारी श्रीमती ज्योति यादव मुख्य अतिथि के रूप में तथा डी.पी.एस. देहरादून की निदेशक डॉ. आकांक्षा सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बी. के. सिंह, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती सुजाता सिंह, अभिभावकगण, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।….

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक संगीत, नृत्य एवं योग की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न कक्षाओं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। नर्सरी से कक्षा तीन तक के विद्यार्थियों को प्रोफिशिएंसी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों को निरंतर उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए विभिन्न श्रेणियों में स्कॉलर बैज प्रदान किए गए। विशेष उपलब्धि के अंतर्गत अवनि गुप्ता, अभिजय डबराल एवं रिधिमा गोयल को लगातार सातवीं बार स्कॉलर बैज प्राप्त करने पर स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। बैडमिंटन खिलाड़ी शिवांश लोहान, शतरंज में उपलब्धि हासिल करने वाले सौरीन चौहान एवं शेराली पटनायक तथा शूटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली यशस्वनी चौधरी एवं वैष्णवी सिंह को उनकी विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्राप्त उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह का एक विशेष प्रेरणादायक क्षण कान्हा जिंदल का सम्मान रहा। डिस्ग्राफिया जैसी चुनौती के बावजूद ग्राफिक डिजाइन एवं शतरंज के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियाँ उनके साहस, आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प एवं निरंतर प्रयासों का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करती हैं।
मुख्य अतिथि श्रीमती ज्योति यादव ने अपने संबोधन में विद्यालय के शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित रहने, अपने लक्ष्य के प्रति एकाग्रचित्त रहने तथा निरंतर प्रयास करते हुए जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय प्रबंधन, विद्यालय नेतृत्व, शिक्षकगण एवं अभिभावकों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत समापन हुआ।

