




चम्पावत 03 अक्टूबर ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल दिशा-निर्देशन एवं प्राथमिकताओं के अनुपालन में संपूर्ण प्रदेश में जन-कल्याण हेतु ‘सेवा संकल्प अभियान’ का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज शनिवार को बाल विकास परियोजना बाराकोट के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्र मल्ला बापरु में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री अजय टम्टा द्वारा की गई।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री जी ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को ‘महालक्ष्मी किट’ का वितरण किया। इसके साथ ही केंद्र में गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई तथा नवजात शिशुओं का जन्मोत्सव अत्यंत उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
समारोह में क्षेत्र में उत्कृष्ट, समर्पित एवं निष्ठापूर्ण सेवाएं देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं आशा वर्करों को माननीय मंत्री जी द्वारा विशेष रूप से सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य और बाल विकास सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में इन महिला कर्मयोगियों के योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्री सुभाष बगौली, अधिकारी, बाल विकास विभाग के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक व लाभार्थी उपस्थित रहे।