
भीमताल: लेक्स इन्टरनेशनल स्कूल में गाँधी एवं शास्त्री जयन्ती धूमधाम और श्रद्धापूर्वक मनायी गयी। प्रातः काल वन्देमातरम के साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा झण्डा रोहण कर और गाँधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों में पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। जिसके उपरान्त हिन्दी अध्यापिका पुष्पा तिवारी ने गाँधी जी व शास्त्री जी के बारे में विस्तारपूर्वक विचार रखे। विद्यार्थी वर्ग से कक्षा-ग्यारहवीं की छात्रा लावन्या जोशी ने अंग्रेजी में तथा कक्षा-नौवीं के छात्र रुचिर बिष्ट ने हिन्दी में विचार प्रस्तुत किए। कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों गरिमा दुर्गापाल द्वारा अंग्रेजी में और देवांशी भक्त ने गाँधी जी पर कविता प्रस्तुत की। कक्षा छठीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने गाँधी जी का प्रसिद्ध भजन ‘वैष्णव जन तो’ तथा ‘रघुपति राघव राजा राम’ गाया। संगीत शिक्षक अजय कुमार और राजेश चन्द्रा ने ‘जय जवान’ गीत प्रस्तुत कर शास्त्री जी एवं गाँधी जी को श्रदांजलि दी।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य / निदेशक एस०एस० नेगी द्वारा सभा को सम्बोधित किया गया। जिसमें उन्होंने गाँधी जी और शास्त्री जी जैसे देश के महान सपूतों की जीवनगाथा आत्मकथा पढ़कर प्रेरणा लेने और गाँधी जी के सिद्वान्तों को चरित्र में लाने की बात कहते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। श्री नेगी ने कहा कि शास्त्री जी द्वारा जय जवान जय किशान का जो नारा दिया गया था वह आज भी पूर्ण रुप से प्रासंगिक है और उन्हीं के इस नारे के अनुरुप हम कृषि क्षेत्र में सफल होने के साथ-साथ देश की रक्षा करने में भी सक्षम हो रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा दीप्ति मेहता द्वारा किया गया।