50, 100 एवं 500 वर्ग मीटर के पॉलीहाउस होंगे स्थापित, आधुनिक खेती से किसानों के लिए खुलेंगे आय के नए अवसर

चंपावत:. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तराखण्ड सरकार द्वारा संचालित नाबार्ड पॉलीहाउस योजना के माध्यम से किसानों को संरक्षित खेती से जोड़कर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जनपद चम्पावत में भी योजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। योजना के तहत अब तक 130 कृषकों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं तथा आगे की प्रक्रिया गतिमान है। बारिश का दौर थमने के बाद पॉलीहाउस स्थापना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि. मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनपद में कृषि एवं उद्यानिकी को किसानों की आजीविका का और मजबूत माध्यम बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पॉलीहाउस किसानों के लिए मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी संरक्षित वातावरण में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने उद्यान विभाग को पात्र एवं इच्छुक कृषकों तक योजना की जानकारी पहुंचाने और आवेदन से लेकर पॉलीहाउस स्थापना तक आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
योजना के अंतर्गत कृषकों की आवश्यकता एवं निर्धारित मानकों के अनुसार 50 वर्ग मीटर, 100 वर्ग मीटर एवं 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के पॉलीहाउस स्थापित किए जाने हैं। पॉलीहाउस के माध्यम से किसान कम क्षेत्रफल में भी बेहतर गुणवत्ता की सब्जियों एवं अन्य उद्यान फसलों का उत्पादन कर अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगे।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि योजना की सम्पूर्ण आवेदन प्रक्रिया ‘अपणी सरकार’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संचालित की जा रही है। इच्छुक कृषक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना का क्रियान्वयन CBDC (Central Bank Digital Currency) के माध्यम से किया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत कृषक को निर्धारित 20 प्रतिशत अंशदान स्वयं वहन करना होगा। वर्तमान अनुमान के अनुसार 50 वर्ग मीटर पॉलीहाउस के लिए कृषक अंशदान लगभग ₹19 हजार तथा 100 वर्ग मीटर पॉलीहाउस के लिए लगभग ₹35 हजार हो सकता है।
जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया कि जनपद में अब तक 130 कृषकों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं और प्रक्रिया गतिमान है। बारिश थमते ही पॉलीहाउस स्थापित करने का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने इच्छुक कृषकों से योजना का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि पात्रता, ऑनलाइन आवेदन, आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य जानकारी के लिए अपने निकटतम उद्यान सचल दल केन्द्र अथवा जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, चम्पावत से संपर्क किया जा सकता है।
नाबार्ड पॉलीहाउस योजना से जनपद में संरक्षित एवं आधुनिक खेती को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों को बेहतर उत्पादन, गुणवत्तापूर्ण फसल और आय वृद्धि के नए अवसर प्राप्त होंगे।