
हल्द्वानी :न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता, गतिशीलता और तकनीकी सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, श्री अमित कुमार अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी द्वारा अपने हल्द्वानी स्थित कार्यालय में हल्द्वानी स्थित न्यायालयों के सभी कोर्ट मोहर्रिर और पैरोकारों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्हें कोर्ट के आईसीटी (ICT) पोर्टल सॉफ्टवेयर पर आईसीजेएस (ICJS – Inter-operable Criminal Justice System) के माध्यम से एफआईआर (FIR) और चार्जशीट (Charge sheet) को सुगमता से कंज्यूम (उपयोग/समाहित) करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
तकनीक से बढ़ेगी न्याय प्रक्रिया में गति
प्रशिक्षण के दौरान श्री अमित कुमार ने सभी कोर्ट मोहर्रिर एवं पैरोकारों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में पुलिसिंग और न्याय प्रणाली को पेपरलेस और तेज बनाने के लिए आईसीजेएस पोर्टल एक क्रांतिकारी कदम है। इसके माध्यम से थानों से भेजी जाने वाली एफआईआर और आरोप-पत्र सीधे न्यायालय के सॉफ्टवेयर तक डिजिटल रूप से सुरक्षित और त्वरित तरीके से पहुंचेंगे, जिससे मामलों के निस्तारण में लगने वाले समय में उल्लेखनीय कमी आएगी।
प्रशिक्षण सत्र में सभी मौजूद कोर्ट मोहर्रिर और पैरोकारों को सॉफ्टवेयर के संचालन की बारीकियों से अवगत कराया गया तथा उनके तकनीकी संदेहों का मौके पर समाधान भी किया गया।