

चम्पावत, 29 नवंबर ।
उप जिलाधिकारी बी.सी. पंत ने जिला अस्पताल चम्पावत पहुंचकर स्वाला के पास हुई वाहन दुर्घटना में घायल चार लोगों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि चारों घायलों का अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया है। उप जिलाधिकारी ने दुर्घटना में अजीत कुशवाहा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई।
रविवार तड़के करीब तीन बजे स्वाला–धौन के पास एक एक्सयूवी 300 वाहन (UP 32 MC 7924) अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 25 मीटर नीचे खाई में गिर गया। वाहन में पांच लोग सवार थे। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एम्बुलेंस को मौके पर भेजा गया। प्रशासन, कोतवाली चम्पावत पुलिस, अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर बचाव कार्य किया।
दुर्घटना में आशीष श्रीवास्तव (37 वर्ष), अंशुमान कुशवाहा (25 वर्ष), अमित शुक्ला (32 वर्ष) और विकास गिरी (30 वर्ष) को मामूली चोटें आईं। चारों घायलों को 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल चम्पावत लाया गया।
दुर्घटना के दौरान वाहन से छिटककर खाई में गिरे अजीत कुशवाहा (27 वर्ष) को बचाव दल ने खाई से निकाला। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

