रानीखेत : रोडवेज डिपो: मर्सिडीज की नायाब बसों से शुरू हुआ 77 साल का स्वर्णिम सफर, अब वजूद बचाने की जद्दोजहद; डिपो छिनने के डर से सत्ता के खिलाफ सुलग रहा आक्रोश! संदीप पाठक ब्यूरो चीफ

खबर शेयर करें -

रानीखेत (अल्मोड़ा)।
कुमाऊं के पर्वतीय अंचल की जीवनरेखा और स्थानीय व्यापार की रीढ़ माने जाने वाले रानीखेत रोडवेज डिपो का अस्तित्व इन दिनों सियासी और जनहित के केंद्र में है,करीब 9 करोड़ की लागत से नए भवन के निर्माण के बीच डिपो कार्यालय को अस्थायी रूप से ताड़ीखेत शिफ्ट किए जाने से स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों में गहरा संदेह है। जनता का स्पष्ट मानना है कि यदि यह ऐतिहासिक डिपो रानीखेत से बाहर गया, तो इसका सीधा खामियाजा सत्तारूढ़ भाजपा के वोट बैंक को भुगतना पड़ सकता है….


मर्सिडीज की नायाब बसों से शुरू हुआ था गौरवशाली दौर

आजादी के तुरंत बाद 1949 में बड़ी मुश्किलों से रानीखेत में रोडवेज डिपो की स्थापना हुई थी। उस दौर में पहाड़ के संकरे व दुर्गम रास्तों पर चलने के लिए यहां मर्सिडीज (Mercedes) की विशेष छोटी और नायाब पहाड़ी बसें संचालित होती थीं, जो इस डिपो की आन-बान और शान थीं। कुमाऊं रेजिमेंट का मुख्यालय होने के कारण इस डिपो ने सेना के जवानों, पर्यटकों और ग्रामीणों को मैदानी क्षेत्रों से जोड़कर रानीखेत के व्यापार को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।

पांच दिग्गजों की विरासत पर टिकी है डिपो की साख

इस ऐतिहासिक डिपो को सींचने में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पांच दिग्गज नेताओं का योगदान रहा है:

  • पंडित हरगोविंद पंत व चंद्रभानु गुप्त: स्वतंत्रता सेनानी हरगोविंद पंत ने यहां सरकारी परिवहन की नींव रखी, जबकि 1960 के दशक में रानीखेत से विधायक रहे मुख्यमंत्री चंद्रभानु गुप्त ने दिल्ली-लखनऊ तक सीधी बसें चलवाकर पर्यटन व व्यापार को गति दी।
  • गोविंद सिंह माहरा: पूर्व वन मंत्री स्व. गोविंद सिंह माहरा ने ताड़ीखेत, मजखाली, द्वारहाट व भिकियासैंण जैसे ग्रामीण अंचलों तक बसें चलाकर ग्रामीण खरीदारों को सीधे रानीखेत बाजार से जोड़ा।
  • बची सिंह रावत व अजय भट्ट: राज्य गठन के बाद पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री स्व. बची सिंह रावत ने मैदानी मार्गों के विस्तार पर जोर दिया, वहीं सांसद अजय भट्ट ने डिपो को नई बसें दिलाने और जर्जर भवन के पुनर्निर्माण की स्वीकृति दिलाई।

जिला और पालिका के बाद अब डिपो छिनने का डर

स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि दशकों से लंबित रानीखेत को जिला बनाने और नगर पालिका के गठन की मांग आज तक पूरी नहीं हुई। पूर्व में एक सैन्य अधिकारी के बयान से रानीखेत के ‘पर्यटन नगरी’ होने पर भी सवाल उठ चुके हैं। ऐसे में जनता पूछ रही है कि विकास के दावों के बीच यदि पहले से मौजूद ऐतिहासिक रोडवेज डिपो ही शहर से दूर चला गया, तो रानीखेत के पास क्या बचेगा?
व्यापारियों का कहना है कि रोडवेज बसों की आवाजाही से ही रानीखेत बाजार में रौनक रहती है। जनप्रतिनिधियों के लिए यह अग्निपरीक्षा है कि वे समयबद्ध निर्माण पूरा कराकर इस 77 साल पुरानी धरोहर को रानीखेत में ही सुरक्षित रखें, अन्यथा जनता की नाराजगी सत्ता पक्ष को भारी पड़ सकती है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad