हल्द्वानी:भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान, 26 नवंबर को संविधान दिवस पर राज्यपाल को सौंपे जाएंगे हस्ताक्षर वाले बैनर,प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर चल रहा अभियान, कांग्रेस राजभवन कूच कर जनता की आवाज महामहिम राज्यपाल तक पहुंचाएगी : सुमित हृदयेश ashok gulati एडिटर इन चीफ

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। भ्रष्टाचार के खिलाफ जनजागरण और सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर रविवार को जेल रोड चौराहा, हीरानगर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बमोरी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के संयुक्त तत्वावधान में हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से आम जनता को भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और सरकार से पारदर्शिता एवं जवाबदेही की मांग करने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेम पांडे सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर कर भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम को समर्थन दिया।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि 26 नवंबर, संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के अंतर्गत एकत्रित सभी हस्ताक्षर राजभवन कूच के दौरान राज्यपाल को सौंपे जाएंगे। कांग्रेस जनता की आवाज और लोकतांत्रिक तरीके से उठाए जा रहे सवालों को संवैधानिक संस्थाओं तक पहुंचाना चाहती है। उन्होंने पिछली बार कांग्रेस नेताओं को राजभवन में प्रवेश नहीं दिए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सुनना और उसे सम्मान देना बेहद जरूरी है।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विधायक ने कहा कि कांग्रेस केवल राजनीतिक विरोध के लिए नहीं, बल्कि वास्तविक मुद्दों को जनता के सामने रखने के लिए संघर्ष कर रही है। कृषि मंत्री के खिलाफ हाईकोर्ट में चल रहे मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आरोप लगाने के बजाय सामने आए मामलों पर आवाज उठाई है। ₹210 करोड़ की संपत्ति से संबंधित आरोपों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह आरोप कांग्रेस ने नहीं लगाए, बल्कि संबंधित मंत्री के पति द्वारा सार्वजनिक रूप से लगाए गए हैं। ऐसे गंभीर विषयों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर विधायक ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जब महिला सशक्तिकरण की जिम्मेदारी संभालने वाली मंत्री स्वयं अपनी सुरक्षा को लेकर खतरे की बात कह रही हैं, तो प्रदेश की आम महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है और इन सवालों को लगातार उठाती रहेगी।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार आज प्रदेश की व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। कांग्रेस का यह हस्ताक्षर अभियान जनता को जागरूक करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ सामूहिक आवाज बुलंद करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर संवैधानिक संस्थाओं तक संघर्ष जारी रखेंगे और जनता के अधिकारों के लिए मजबूती से खड़े रहेंगे।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेम पांडे ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर चलाया जा रहा यह अभियान आम जनता को भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट करने की पहल है। कांग्रेस कार्यकर्ता गांव, वार्ड और मोहल्लों तक पहुंचकर लोगों को इस अभियान से जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई तभी प्रभावी होगी जब जनता जागरूक होकर अपनी आवाज उठाएगी। 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेशभर के हस्ताक्षर राज्यपाल को सौंपना इस जनआंदोलन का महत्वपूर्ण चरण होगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान केवल हस्ताक्षर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनता की भागीदारी के साथ इसे प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप दिया जाएगा।

इस अवसर पर हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, एन.बी. गुणवंत, शोभा बिष्ट, मधु सांगुड़ी, गुरप्रीत प्रिंस, पार्षद नीमा भट्ट, दीप चंद्र पाठक, मयंक भट्ट, हेम पांडे, सुहैल सिद्धिकी, विनय भट्ट, गोविंद बगड़वाल, कौशलेन्द्र भट्ट, मनोज भट्ट, महेशानंद, रिंकू बिष्ट, सीमा लोहमी, रत्ना श्रीवास्तव, मंजू पांडे, विमला सांगुडी, राजेंद्र उपाध्याय, रोहित सांगुडी, गिरजा तड़ागी, महेंद्र परिहार, जाकिर हुसैन, सालिम सिद्धिकी, सहित अनेक कांग्रेस नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad