लाल कुआं:मुख्यमंत्री से राजस्व गांव पर जवाब मांगने पर भाकपा माले और किसान महासभा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कार रोड चौराहा से गिरफ्तार किया$ ashok gulati एडिटर इन चीफ

खबर शेयर करें -

लालकुआं :

  • मुख्यमंत्री से राजस्व गांव पर जवाब मांगने पर भाकपा माले और किसान महासभा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कार रोड चौराहा से गिरफ्तार किया
  • भाजपा सरकार जनता की मांग उठाने वालों पर तानाशाही लाद रही है
  • राजस्व गांव क्यों नहीं मुख्यमंत्री जवाब दो, राजस्व गांव लेकर रहेंगे, अंकिता भंडारी को न्याय दो, वीआईपी को बचाना बंद करो के नारे लगाते हुए किया विरोध प्रदर्शन

राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बिंदुखत्ता आगमन पर राजस्व गांव के मुद्दे पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए भाकपा माले और किसान महासभा ने जवाब मांगते हुए विरोध प्रदर्शन किया. राजस्व गांव क्यों नहीं मुख्यमंत्री जवाब दो, राजस्व गांव लेकर रहेंगे, अंकिता भंडारी को न्याय दो, वीआईपी को बचाना बंद करो के नारे लगाते हुए किया विरोध प्रदर्शन.

भाकपा माले नैनीताल जिला सचिव डॉ कैलाश पाण्डेय ने कहा, भाजपा सरकार जनता की मांग उठाने वालों पर पुलिसिया तानाशाही लाद रही है. उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री को बिंदुखत्ता आने से पहले यह बताना चाहिये था कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने अब तक बिंदुखत्ता राजस्व गांव पर क्या प्रगति की? हर विधानसभा चुनाव में बिंदुखत्ता राजस्व गांव के मुद्दे पर ही भाजपा को वोट मिल रहा है लेकिन दस साल से राज्य में भाजपा की सरकार है और धामी जी को भी मुख्यमंत्री बने हुए 6 साल बीत चुके हैं लेकिन राजस्व गांव के मामले में एक इंच भी प्रगति नहीं हुई है. कई बार घोषणा होने के बाद बाद भी बिंदुखत्ता राजस्व गांव क्यों नहीं बनाया जा रहा है बिंदुखत्ता आने पर इसका जवाब राज्य के मुख्यमंत्री को देना चाहिए.

किसान महासभा की बिंदुखत्ता अध्यक्ष विमला पाल रौथाण और सचिव किशन बघरी ने कहा कि, भाजपा राज्य सरकार बिंदुखत्ता राजस्व गांव के मुद्दे पर जनता को ठगना बंद करे और विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर वन भूमि के राजस्व भूमि में हस्तांतरण करने का प्रस्ताव पारित करे और केंद्र की सरकार से अनापत्ति प्राप्त कर विधानसभा चुनाव से पहले राजस्व गांव बनाने की प्रक्रिया शुरू करे. अन्यथा मुख्यमंत्री से ज़वाब मांगने तक आंदोलन रुकेगा नहीं. 15 नवंबर को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच कर ज्ञापन दिया गया था और आंदोलन के अगले चरण में स्थानीय प्रशासन को ठप करने का काम किया जायेगा. उसके बाद भी राजस्व गांव नहीं बना तो 2027 के विधानसभा चुनाव में राजस्व गांव से वंचित आबादी भाजपा सरकार को हटाने का काम करेगी.

विरोध प्रदर्शन में भाकपा माले नैनीताल जिला सचिव डॉ कैलाश पाण्डेय, किसान महासभा की बिंदुखत्ता अध्यक्ष विमला पाल रौथाण, सचिव किशन बघरी, आइसा जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, नैन सिंह कोरंगा, कमल जोशी, निर्मला शाही, गोविंद जीना, अंबा दत्त बसखेती, त्रिलोक राम, दौलत सिंह, त्रिलोक सिंह आदि शामिल रहे.|

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad