रुद्रप्रयाग : ग्राम पंचायत कुंडा दानकोट की नवज्योति रामलीला समिति द्वारा आयोजित 11 दिवसीय भव्य रामलीला मंचन का भगवान श्री राम के राज्याभिषेक एवं अयोध्या वापसी के भावपूर्ण प्रसंग के साथ शानदार समापन हुआ…









…. रामलीला के अंतिम दिन भगवान श्री राम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन, भरत मिलाप और राम राज्याभिषेक के भावपूर्ण दृश्यों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
समापन समारोह में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे भाजपा मंडल चोपता के अध्यक्ष अर्जुन नेगी ने कहा कि अपनी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सभी को निरंतर प्रयास करने चाहिए। रामलीला के मंचन से समाज को रामायण की जानकारी मिलती है और जीवन मूल्यों से परिचित होने का अवसर मिलता है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी संस्कृति को समझें और भगवान श्री राम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर सकें।
समापन के दौरान पहुंची तिलु रौतेली पुरस्कार से सम्मानित दुर्गा करासी ने कहा कि ऐसे रामलीला मंचनों में राम, लक्ष्मण, सीता या अन्य किरदारों की भूमिका निभाने वाले बच्चों, युवाओं और समाज में एक अलग पहचान बनती है तथा धार्मिक जीवन का संदेश जाता है। ऐसे मंचन सभी जगह होने चाहिए, ताकि हम अपनी भारतीय संस्कृति की धरोहर को संजोए रख सकें।
रामलीला समिति के अध्यक्ष योगंबर कुनियाल ने 11 दिवसीय रामलीला के कुशलतापूर्वक समापन पर समिति के सभी सदस्यों और ग्रामवासियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रामलीला का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि रामायण के पात्रों के आदर्शों – त्याग, मर्यादा, प्रेम और जीवन मूल्यों को अपने व्यवहार में उतारना है।
इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुनियाल, कोषाध्यक्ष देवेंद्र कुनियाल, निर्देशक दुर्गेश कुनियाल, प्रधान कुंडा दानकोट साधना देवी, विधायक प्रतिनिधि के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष चोपता अर्जुन नेगी, दुर्गा करासी, मीडिया प्रभारी मानेंद्र कुमार, शिक्षक प्रेम प्रकाश वशिष्ठ, पूर्व प्रधान जीतराज जीतराज आदि उपस्थित रहे।

