

रानीखेत। स्थानीय ऐतिहासिक खड़ी बाजार में चल रहे रामलीला मंचन के दौरान दर्शकों का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। बीते दिन की गरिमामयी उपस्थिति के बाद, आज के मंचन में भगवान राम का जन्म और ताड़का वध मुख्य आकर्षण रहे।
रामलीला के दौरान भगवान राम और राक्षसी ताड़का के बीच हुए युद्ध के सजीव और भव्य दृश्यों ने पंडाल में बैठे सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ताड़का वध के प्रसंग पर पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। इस ऐतिहासिक मंचन का आनंद लेने के लिए भारी संख्या में स्थानीय और आस-पास के क्षेत्रों से दर्शक पहुंचे, जिससे व्यवस्थापकों के चेहरे भी खिल उठे।
इससे पूर्व, बीते कल की लीला में कई गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की। अतिथियों में मुख्य रूप से भरत मेहरा, प्रभात रावत और हर्षित रौतेला आदि उपस्थित रहे। समिति के पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत व अभिनंदन किया गया। रामलीला कमेटी ने सभी क्षेत्रवासियों से इसी प्रकार धर्म लाभ उठाने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

