
रानीखेत। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने नगर के ऐतिहासिक गांधी चौक और लाल बहादुर शास्त्री पार्क पहुंचकर दोनों महान विभूतियों की मूर्तियों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात, विधायक डॉ. नैनवाल ने सदर बाजार, रानीखेत में भव्य भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया, जहाँ उन्होंने सहयोगियों और स्थानीय जनता के साथ सादगी व हर्षोल्लास से अपना जन्मदिन मनाया।
सदर बाजार में भ्रमण के दौरान व्यापारियों और आम जनता ने विधायक का जोरदार स्वागत कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष दीप भगत, ललित मेहरा, उमेश पंत, दर्शन मेहरा और कैलाश सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मुख्य रूप से उनके साथ मौजूद रहे।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने दोनों महापुरुषों के सिद्धांतों को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि “आज की युवा पीढ़ी को इन दोनों महान विभूतियों के जीवन और उनके उच्च विचारों से सीख लेनी चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि देश की उन्नति और समाज के कल्याण के लिए उनके बताए सत्य, अहिंसा और सादगी के मार्ग पर चलना आज के समय में बेहद जरूरी है।
इस दौरान भारी संख्या में समर्थक, स्थानीय व्यापारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने विधायक को शुभकामनाएं दीं।