



चम्पावत, 27 सितम्बर ।
एनएचपीसी बनबसा से सड़क मार्ग, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा, आवश्यक साइनेज लगाने के निर्देश
आगामी 04 अक्टूबर को एनएचपीसी, बनबसा में प्रस्तावित कैबिनेट बैठक की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने रविवार को एनएचपीसी सभागार में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागवार सौंपे गए दायित्वों की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने और आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने प्रस्तावित बैठक स्थल से सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करते हुए आवागमन व्यवस्था, सड़क की स्थिति, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क मार्ग पर आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने तथा प्रमुख स्थानों एवं मार्ग पर आवश्यक साइनेज लगाने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान आवागमन सुगम एवं व्यवस्थित बना रहे।
जिलाधिकारी ने एनएचपीसी परिसर में प्रस्तावित बैठक स्थल एवं आसपास की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूर्ण करने के साथ ही मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी तैयार रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह,अपर जिलाधिकारी श्री के.एन. गोस्वामी, एपीडी सुश्री विम्मी जोशी, उप जिलाधिकारी टनकपुर श्री प्रमोद कुमार, डीईएसटीओ दीपकीर्ति तिवारी,अधिशासी अभियंता यूपीसीएल विजय कुमार सकारिया,सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।