

बागेश्वर, 01 सितम्बर |जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने, निवेश को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सभागार में जिला उद्योग मित्र समिति एवं जिला स्तरीय निर्यात समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला उद्योग मित्र समिति से संबंधित विभिन्न प्रकरणों एवं पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। इस दौरान उत्तराखंड एकल खिड़की सुगमता एवं अनुज्ञापन नियमावली के अंतर्गत जिला प्राधिकृत समिति के निर्णय एवं विचारार्थ प्राप्त आवेदनों तथा सैद्धांतिक स्वीकृति से संबंधित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सैद्धांतिक स्वीकृति हेतु विभिन्न विभागों में लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों से लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति एवं कारणों की जानकारी प्राप्त की।
बैठक में लघु एवं मध्यम उद्यम नीति के विभिन्न प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र उद्यमियों को अधिकाधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
जिला स्तरीय निर्यात समिति की बैठक में जनपद के संभावित निर्यात उत्पादों एवं उनकी बाजार संभावनाओं पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान कीवी, ट्राउट, मसाले तथा कुटकी सहित अन्य स्थानीय एवं पर्वतीय उत्पादों के निर्यात की संभावनाओं पर चर्चा की गई। साथ ही उत्पादों के सुरक्षित भंडारण, गुणवत्ता संरक्षण एवं विपणन को सुदृढ़ बनाने के लिए कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं के विकास की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
जिलाधिकारी ने स्थानीय उत्पादकों, किसानों एवं उद्यमियों को बाजार से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से बायर-सेलर मीट आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रभावी मंच विकसित किया जाए, जहां उत्पादक एवं खरीदार सीधे संवाद कर सकें तथा बाजार की वास्तविक मांग के अनुरूप उत्पादन एवं विपणन की बेहतर रणनीति तैयार की जा सके। इससे स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उत्पादकों की आय में वृद्धि की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सकेगा।
बैठक में जिलाधिकारी ने पर्यटन क्षेत्र के विकास को लेकर भी चर्चा करते हुए जनपद में प्रशिक्षित पर्यटन गाइड विकसित करने के लिए गाइड विकास से संबंधित नीति एवं प्रस्ताव तैयार कर प्रेषित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को बैठक में दिए गए निर्देशों एवं लंबित प्रकरणों के संबंध में तीन दिवस के भीतर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक एवं निर्यात संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी एन. एस. नबियाल, महाप्रबंधक उद्योग अमित सिंह रावत, कोषाधिकारी आकाश रघुवंशी, नरेंद्र खेतवाल, सुरेश खेतवाल, थिरिश कपूर सहित विभिन्न उद्यमी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।