चंपावत:मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव में मुख्यमंत्री ने चम्पावत को दी ₹62.97 करोड़ की 50 विकास योजनाओं की सौगात,मातृशक्ति के सम्मान, स्वावलंबन और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध—मुख्यमंत्री ✍️ ashok gulati एडिटर इन चीफ

खबर शेयर करें -

सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा एवं धार्मिक पर्यटन को मिलेगी नई गति; 20 योजनाओं का लोकार्पण, 30 का शिलान्यास

चंपावत : रक्षाबंधन के पावन अवसर पर .मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ में प्रतिभाग करने चम्पावत पहुंचे। हेलीकॉप्टर से टनकपुर पहुंचने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री कार से धूरा स्थित रामलीला मैदान पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।

.मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सर्वांगीण विकास के लिए कुल ₹6296.87 लाख की 50 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹1107.75 लाख की 20 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹5189.12 लाख की 30 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन योजनाओं से जनपद में सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा एवं धार्मिक पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

“मैं अपनी बहनों, माताओं और बेटियों के बीच अपने घर आया हूं”—मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव में मातृशक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि आज बारिश के कारण मौसम खराब था, लेकिन यदि उन्हें रुद्रपुर से भी वाहन द्वारा आना पड़ता तो भी वे जरूर आते। उन्होंने कहा कि वे अपनी बहनों, माताओं, बेटियों और भांजियों के बीच अपने घर आए हैं। चम्पावत से मिलने वाला प्रेम और अपनापन उन्हें विशेष ऊर्जा देता है। मुख्यमंत्री ने कुमाऊंनी भाषा में मातृशक्ति से संवाद कर सभी का मन मोह लिया।

मुख्यमंत्री ने मातृशक्ति से रक्षा सूत्र बंधवाकर सभी को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जब तक राज्य की प्रत्येक मातृशक्ति सशक्त नहीं हो जाती, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि चम्पावत के विकास को नई दिशा देने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल हिमालयी चोटियों और प्राकृतिक सौंदर्य से नहीं, बल्कि यहां की मेहनती, साहसी और आत्मनिर्भर मातृशक्ति से भी है। महिला सशक्तिकरण का अर्थ केवल सरकारी योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि महिलाओं को शिक्षित, स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाकर परिवार एवं समाज के निर्णयों में भागीदार बनाना है।

उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्वावलंबन के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। चम्पावत में बेटियों की शिक्षा एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए कॉलेज हॉस्टल, आईटीआई लैब, ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान तथा महिला प्रौद्योगिकी पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है, ताकि बेटियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए गांव या जनपद से बाहर न जाना पड़े।

“लखपति दीदी से करोड़पति दीदी बनें हमारी बहनें”—मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि लखपति दीदी बनने के बाद प्रदेश की माताएं-बहनें आगे बढ़कर करोड़पति बनें। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि इन उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। ….

स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल ’, ‘हाउस ऑफ हिमालयास ’, हिलान्स आउटलेट , मोबाइल कार्ट्स , फ़ूड वैन्स और ई-रिक्शा जैसे माध्यम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे महिलाओं को रोजगार तलाशने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बनने के अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि गर्भवती एवं धात्री माताओं के पोषण और स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए ‘मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना’ एवं ‘महालक्ष्मी किट’ जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर होती है तो पूरा परिवार आत्मनिर्भर होता है। परिवार से गांव, गांव से समाज और समाज के सशक्त होने से पूरा उत्तराखंड सशक्त एवं समृद्ध बनता है। सरकार का उद्देश्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां किसी बेटी को अवसरों की कमी के कारण पलायन न करना पड़े और चम्पावत की मातृशक्ति विकास की मुख्यधारा में नेतृत्वकर्ता बनकर उभरे।

धूरा सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणाएं

.मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की घोषणा की। इनमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्थान धूरा में पेयजल योजना, धूरा से सेतीचौड़ ब्याला तक संपर्क मोटर मार्ग, ग्राम पंचायत ककनई के तोक बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क, भागिना भंडारी में मुख्य सड़क से राजकीय इंटर कॉलेज एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय दयारतोली तक सीसी मार्ग व इंटरलॉकिंग टाइल्स, धन एवं बस्तियागूंठ के विभिन्न मंदिरों का सौंदर्यीकरण शामिल है।

इसके साथ ही आमोड़ी, भलुवागाड़ी, डोलाकांडा, फुरकियाझाला, छतकोट, बेलखेत, खिरद्वारी , बुडम, झालाकुड़ी, नौलापानी एवं बस्तियागूंठ के मास्वाड तोक सहित विभिन्न क्षेत्रों में भूकटाव एवं बाढ़ सुरक्षा हेतु वायरक्रेट कार्य, ग्राम पंचायत पोथ के लदिया नदी में झूला पुल, दियूरी से चौड़ा तक सड़क का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, डांडा ककनई में सिंचाई हेतु नलकूप, सुखीढांग-डांडा-मीनार मोटर मार्ग में हॉटमिक्स तथा बुडम के कठोल में झूला पुल निर्माण कार्य किए जाएंगे।

बेटियों के साथ केक काटकर दिया बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान . मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह के स्टाल में चाख चलाया(आटा पीसने का परंपरागत उपकरण ) साथ ही बाल विकास विभाग के स्टॉल में उन्होंने छोटी बच्चियों के साथ केक काटकर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री की ओर से उपहार भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री भारत सरकार अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, जिलाध्यक्ष भाजपा श्री गोविन्द सामन्त, जिला महामंत्री भाजपा मुकेश कलखुड़िया, दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय, मुकेश महराना, सुभाष बगौली, मनोज कालाकोटी, श्रीमती हेमा जोशी एवं श्रीमती किरन देवी, भाजपा प्रदेश मंत्री श्री निर्मल माहरा, मा. विधायक प्रतिनिधि चम्पावत प्रकाश तिवारी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता श्री सतीश चन्द्र पाण्डेय, जिला अध्यक्ष महिला युवा मोर्चा श्रीमती दीपा जोशी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद चम्पावत श्रीमती प्रेमा पाण्डेय, अध्यक्ष नगर पालिका लोहाघाट श्री गोविन्द वर्मा, ब्लॉक प्रमुख चम्पावत श्रीमती अंचला बोहरा, अध्यक्ष नगर मंडल चम्पावत सुनील पुनेठा, मंडल अध्यक्ष धूरा श्री गोविन्द सिंह बोहरा, अध्यक्ष ग्रामीण मंडल चम्पावत श्री प्रकाश बिनबाल, नोडल अधिकारी मुख्यमंत्री केदार सिंह बृजवाल, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुन्दर बोहरा, शंकर दत्त पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad