


बागेश्वर :पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में आगामी ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी/बारावफात) के पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जनपद में आपसी भाईचारा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कोतवाली बागेश्वर व कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने अमन कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं दोनों समुदायों के लोगों ने प्रतिभाग किया। पुलिस द्वारा उपस्थित लोगों से त्योहार के दौरान आपसी प्रेम, भाईचारा, सद्भाव एवं शांति बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में सभी से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के किसी भी संदेश/पोस्ट को साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने का अनुरोध किया गया।
उपस्थित नागरिकों ने भी ईद-ए-मिलाद का पर्व आपसी सौहार्द, प्रेम एवं भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाने तथा क्षेत्र में अमन-चैन एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया।
बागेश्वर पुलिस की अपील:
“त्योहार खुशियां बांटने का अवसर है—आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।”