

टनकपुर (चम्पावत)। स्थानीय
फायर स्टेशन में अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर एक भावनात्मक और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीते वर्ष शहीद हुए फायर कर्मियों को याद करते हुए 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में FSSO अमर सिंह अधिकारी सहित पूरी टीम मौजूद रही। इस दौरान वर्ष 1944 में मुंबई बंदरगाह पर लगी भीषण आग में शहीद हुए 66 अग्निशमन कर्मियों के बलिदान को भी याद किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों के प्रति सम्मान प्रकट किया। इसके बाद अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर टनकपुर क्षेत्र में जागरूकता अभियान के लिए रवाना किया गया, जिसमें “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं जागरूक समाज” का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर LFM वीरेंद्र कुमार, LFM संतोष जोशी, DVR कृष्ण सिंह, DVR राजू कुमार, FM देवेन्द्र अधिकारी, FM किरन जोशी, FM भावना पन्त एवं FM तनुजा कोहली सहित अन्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही।
सम्मेलन के दौरान अधिकारियों ने सभी कर्मचारियों को आपदा उपकरणों को हमेशा तैयार रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
यह कार्यक्रम न सिर्फ शहीदों को श्रद्धांजलि देने का अवसर बना, बल्कि समाज को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण संदेश भी दे गया।