
चंपावत : आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन–2027 की तैयारियों के दृष्टिगत जनपद में ईवीएम एवं वीवीपीएटी की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) का कार्य जारी है। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशों के अनुपालन में दूसरे दिन की जांच मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
कलक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपीएटी वेयरहाउस में इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल) के अधिकृत इंजीनियरों ने मशीनों की तकनीकी जांच की। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी श्री के.एन. गोस्वामी की देखरेख में जांच प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित की गई।
निर्वाचन की तैयारियों के इस महत्वपूर्ण चरण में मशीनों की तकनीकी स्थिति एवं कार्यप्रणाली की जांच की जा रही है। प्रक्रिया में पारदर्शिता और राजनीतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जांच कार्य कराया जा रहा है।
जिला निर्वाचन प्रशासन ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से आगामी दिनों में भी अपने अधिकृत प्रतिनिधियों की नियमित सहभागिता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है, ताकि उनकी उपस्थिति में एफएलसी का कार्य सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से आगे बढ़ाया जा सके।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी से श्री रोहित बिष्ट, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से श्री श्याम सिंह कार्की तथा बहुजन समाज पार्टी से श्री अजय उपस्थित रहे। साथ ही नोडल अधिकारी ईवीएम श्री विमल कुमार सूंठा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.एस. अधिकारी, तहसीलदार श्री बृजमोहन आर्या, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री विनय शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

