
रानीखेत। स्थानीय क्षेत्र में उस वक्त राजनीतिक और सामाजिक सरगर्मी बढ़ गई, जब विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अध्यक्ष हर्ष पंत को जान से मारने की धमकी, अभद्रता और गाली-गलौज करने का सनसनीखेज मामला सामने आया। आरोप क्षेत्र के ही एक छिद्रान्वेषी एवं खुराफाती स्वभाव के भाजपा नेता पर लगे हैं। इस घटना को लेकर स्थानीय जनता और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष की ओर से इस पूरे प्रकरण की एक लिखित तहरीर कोतवाली रानीखेत में दे दी गई है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उक्त भाजपा नेता ने अपने चिर-परिचित विवादित और खुराफाती स्वभाव के चलते विहिप अध्यक्ष हर्ष पंत के साथ सरेआम अभद्रता की, उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां दीं और विरोध करने पर जान से मारने की गंभीर धमकी भी दी।
जनता और व्यापारियों ने की तीखी भर्त्सना
इस घटना की खबर आग की तरह फैलते ही रानीखेत के प्रबुद्ध नागरिकों, आम जनता और स्थानीय व्यापारी वर्ग ने इसकी कड़े शब्दों में भर्त्सना (निंदा) की है। व्यापारियों का कहना है कि शांत वादियों वाले रानीखेत क्षेत्र में इस प्रकार की गुंडागर्दी और अभद्र व्यवहार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि राजनीतिक रसूख को दरकिनार कर आरोपी नेता के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
पुलिस जांच में जुटी
कोतवाली रानीखेत पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने की पुष्टि की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

