




चंपावत : खेल निदेशालय उत्तराखंड के सौजन्य एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार के दिशा-निर्देशन में गांधी जयंती तथा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय चंपावत में विभिन्न आयु वर्गों की क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन संपन्न हुआ।


इस खेल आयोजन का विधिवत शुभारंभ एवं समापन विधायक प्रतिनिधि चंपावत प्रकाश तिवारी तथा ज्येष्ठ प्रमुख श्री भुवन चंद्र पाण्डेय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती बबीता बिष्ट ने मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों का औपचारिक स्वागत व अभिनंदन किया तथा सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत बालक अंडर-15 (सब-जूनियर) वर्ग की 05 किलोमीटर दौड़ में आरुष सिंह ने प्रथम, अनुज बोहरा ने द्वितीय, राजीव सिंह ने तृतीय, राहुल सिंह ने चतुर्थ, हर्षित बिष्ट ने पंचम तथा तन्मय ने छठा स्थान हासिल किया। महिला ओपन 05 किलोमीटर दौड़ स्पर्धा में ऊषा भंडारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि लक्ष्मी रावत द्वितीय, हिमानी रंसवाल तृतीय, दीपिका चतुर्थ, निक्की पाण्डेय पंचम एवं बबीता बिष्ट छठे स्थान पर रहीं।
पुरुष ओपन वर्ग की 10 किलोमीटर दौड़ में शंकर नाथ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं अशोक रावत द्वितीय, प्रकाश सिंह तृतीय, रोहित सिंह चतुर्थ, पंकज सिंह पंचम तथा प्रमोद छठे स्थान पर रहे।
समापन अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई दी गई।
उन्होंने विभागीय खेल योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए युवाओं से आगामी जिला एवं राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
इस दौड़ के सफल एवं सुचारू संचालन में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग तथा शिक्षा विभाग का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम को संपन्न कराने में शिक्षा विभाग से जिला खेल समन्वयक श्री प्रदीप बोरा, श्री अमित वर्मा, मुकेश वर्मा एवं मुकेश टम्टा ने आवश्यक व्यवस्थाएं संभालीं। खेल विभाग से श्री नितिन तड़ागी, श्री कृष्ण कुमार, श्री प्रकाश सिंह, श्री निखिलेश गहतोड़ी, सुनील जोशी, श्री कमल सिंह, श्री राजेंद्र जोशी, श्री मुन्ना राय सहित अनेक स्थानीय खेल प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।