

नैनीताल 01 सितंबर।
भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के जन्म दिवस 10 सितंबर 2026 के भव्य आयोजन की रूपरेखा तैयार करने हेतु मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार नैनीताल में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ असवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
बैठक में पंत फाउंडेशन के प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जयंती आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
बैठक में आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित को दाईत्व सौपे गए।
पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की जयंती समारोह को संपूर्ण जनपद नैनीताल में मनाया जाएगा। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित पंडित जी की प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जीवन दर्शन, साहित्यिक, सामाजिक, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान एवं देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में अवगत कराया कि मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय के मल्लीताल स्थित पंत पार्क परिसर में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नैनीताल को समुचित व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही भवाली, भीमताल, नौकुचियाताल, हल्द्वानी, कोटाबाग, रामगढ़ ,धारी, बेतालघाट, ओखलकांडा, लालकुआं आदि क्षेत्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस हेतु नगर आयुक्त हल्द्वानी,सभी नगर निकायों के अधिकारियों सहित समस्त खंड विकास अधिकारियों को पूर्व तैयारी के निर्देश दिए गए।
पंत जयंती के अवसर पर समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय, स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित कर पंडित जी की फोटो चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।
इसके साथ ही विद्यालयों में भाषण, विचार गोष्ठी, निबंध, वाद-विवाद सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में शिक्षा विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपर जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यथासमय सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं।
पंत जयंती से पूर्व जनपद के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जहां-जहां पंत जी की प्रतिमा लगी है, वहां रंग-रोगन, परिसर की सफाई, रंगाई-पुताई एवं प्रकाश व्यवस्था का कार्य पूर्ण किया जाएगा। इस संबंध में समस्त नगर निकायों के अधिकारियों, खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
पंत जयंती के अवसर पर उत्तराखंड संस्कृति विभाग द्वारा भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के जीवन वृत पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन जिला मुख्यालय में मल्लीताल स्थित पंत पार्क में किया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जयंती कार्यक्रम से संबंधित जो भी व्यवस्थाएं उनके द्वारा की जानी हैं, वे समय से पूर्ण कर ली जाएं। सभी कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में उप ….
जिलाधिकारी नवाजिश खलीक, भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत जयंती समिति के संयोजक गोपाल सिंह रावत, ललित भट्ट, राजेश कुमार सहित पंत फाउंडेशन के प्रतिनिधि देवेंद्र ढेला, कीर्ति बल्लभ, दीवान सिंह,दया किशन पोखरिया, देवेंद्र बिष्ट, शिवराज नेगी, चंदन सिंह अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।