
रानीखेत। दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों, विशेष रूप से चीनी के दामों में हुई बेतहाशा वृद्धि के विरोध में बुधवार को युवा कांग्रेस रानीखेत द्वारा भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। गांधी चौक में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर बढ़ती महंगाई के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। रसोई में प्रतिदिन इस्तेमाल होने वाली आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ने से मध्यम वर्ग, गरीब और मेहनतकश परिवारों का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से चीनी के बढ़ते दामों का मुद्दा उठाते हुए सरकार से कीमतों पर तत्काल नियंत्रण करने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। दैनिक जरूरत की वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता पहले से ही आर्थिक दबाव का सामना कर रही है और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने उसकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान युवा कांग्रेस द्वारा नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। कलाकारों ने संवाद और व्यंग्य के माध्यम से बढ़ती महंगाई और आम परिवारों पर पड़ रहे इसके प्रभाव को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को महंगाई के मुद्दे पर जागरूक करते हुए सरकार से जवाबदेही की मांग की गई।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने सरकार से दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दामों को नियंत्रित करने तथा आम लोगों को महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अंकित पंत ने की।
प्रदर्शन के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष अरुण रावत, महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, पूर्व जिला महामंत्री दीपक पंत, सभासद सुंदर कुँवार्बी, मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दकी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्याय, प्रमोद पाल, पंकज गुरुरानी, मोहन सिंह बिष्ट, सतीश नेगी, दीपक सोंटियाल, शौर्य कुँवार्बी, भुवन बिष्ट, हर्षित किरौला, नितिन प्रकाश सहित युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।