हल्द्वानी/रुद्रपुर:
संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) हल्द्वानी के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु ए.आर.टी.ओ. रुद्रपुर श्री नवीन सिंह तथा समस्त प्रवर्तन टीमों (Squads) द्वारा 20 और 21 अगस्त 2026 को एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दो दिवसीय संघन अभियान के दौरान नियम तोड़कर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान प्रवर्तन टीमों द्वारा कुल 343 वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितता एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 53 वाहनों को मौके पर ही सीज (Impound) कर दिया गया।
कार्रवाई का मुख्य विवरण:
सुरक्षा एवं तकनीकी उल्लंघन: बिना फिटनेस सड़कों पर दौड़ रहे 39 और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस (D.L.) के वाहन चला रहे 46 चालकों के चालान काटे गए। इसके अलावा बिना रिफ्लेक्टिव टेप के पाए गए 24 वाहनों और गलत लेन में ड्राइविंग करने वाले 14 वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई की गई।
ओवरलोडिंग व व्यावसायिक नियमों का उल्लंघन: मालवाहक वाहनों में क्षमता से अधिक भार (39 मामले) और वाहनों से बाहर निकले जोखिम भरे लोड (37 मामले) पर कड़ा संज्ञान लिया गया। इसके साथ ही बिना परमिट के संचालित 16 वाहनों, यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग (6 मामले) और मालवाहकों में अवैध रूप से सवारी ढोने वाले 2 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
गंभीर अपराध: नशा करके वाहन चलाने (Section 185) के 5 मामले पकड़े गए। वहीं वाहनों में अनधिकृत बदलाव (Alteration) कराने वाले 13 वाहन स्वामियों के चालान किए गए। अन्य विविध उल्लंघनों के तहत 215 मामले दर्ज किए गए।….





परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। ए.आर.टी.ओ. रुद्रपुर एवं सचल दलों द्वारा ओवरलोडिंग, बिना फिटनेस, और ड्रंक एंड ड्राइव जैसे गंभीर अपराधों के खिलाफ यह विशेष चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। विभाग ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील की है।