


बागेश्वर : “स्वच्छता ही सेवा” के संकल्प को धरातल पर सुदृढ़ करने हेतु पुलिस द्वारा एक सराहनीय कदम उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (IPS) के कुशल निर्देशन एवं आदेशानुसार, आज जनपद के समस्त थानों, चौकियों, पुलिस उपाधीक्षक कार्यालयों, पुलिस लाइन तथा विभिन्न पुलिस शाखाओं में एक ‘स्वच्छता अभियान’ चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुक्रम में आज जनपद की पुलिस लाइन बागेश्वर, कोतवाली बागेश्वर, थाना कपकोट, थाना बैजनाथ, थाना झिरौली, थाना कौसानी सहित सभी थानों, चौकियों और फायर स्टेशनों के परिसरों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों, प्रभारियों और जवानों ने स्वयं हाथों में झाड़ू व श्रमदान के उपकरण थामकर अपने-अपने कार्यालय कक्षों, मालखानों, बैरकों, मैस तथा बंदी गृहों की साफ-सफाई की।
स्वच्छता अभियान को केवल सरकारी परिसरों तक सीमित न रखते हुए, पुलिस टीमों द्वारा थानों व चौकियों के आसपास के सार्वजनिक मार्गों, नालियों, खेल मैदानों और संवेदनशील स्थलों की भी मुस्तैदी से सफाई की गई। परिसरों में एकत्रित अनुपयोगी सामग्री व कूड़े-कचरे का नियमानुसार सुरक्षित निस्तारण किया गया तथा विभिन्न स्थानों पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी कराया गया, ताकि संक्रामक बीमारियों व डेंगु-मलेरिया के प्रकोप से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अभियान के दौरान कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, राहगीरों और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को एकत्र कर विशेष स्वच्छता चौपालें लगाई गईं। पुलिस अधिकारियों द्वारा आम जनमानस को अपने घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के प्रति गहनता से जागरूक किया गया। उन्हें समझाया गया कि पर्यावरण व समाज को स्वच्छ रखना केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक का परम कर्तव्य है।
जागरूकता सत्र के दौरान जनता से पर्यावरण को भारी क्षति पहुँचाने वाले सिंगल-यूज़ प्लास्टिक और पॉलीथीन का पूर्णतः बहिष्कार करने की पुरजोर अपील की गई। दुकानदारों को कूड़ा हमेशा डस्टबिन में ही डालने तथा सड़कों व नालियों में कचरा फैलाकर नियमों का उल्लंघन करने पर होने वाली विधिक चलानी कार्रवाई के संबंध में भी सचेत किया गया।
बागेश्वर पुलिस द्वारा त्यौहारों के इस सीजन में समाज को स्वस्थ, स्वच्छ और सुंदर बनाने की इस अनूठी पहल की स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापार मण्डलों तथा समस्त प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा प्रशंसा की जा रही है।

