


बागेश्वर :पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा हेतु लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। आज, कोतवाली बागेश्वर पुलिस टीम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर सुरक्षा तथा महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया।
पुलिस ने ग्रामीणों को नशे के सेवन से शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्तर पर होने वाले गम्भीर दुष्परिणामों की जानकारी दी। टीम ने युवाओं और ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा समाज में अन्य लोगों को भी इसके विरुद्ध जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस द्वारा ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी, लॉटरी के नाम पर होने वाले फ्रॉड और संदिग्ध कॉल या अनजान लिंक से सतर्क रहने के उपाय बताए गए। पुलिस ने अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति से अपना ओटीपी या बैंक विवरण साझा न करें।
महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूक करते हुए पुलिस ने कहा कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या समस्या होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा, अधिकारों के प्रति जागरूकता और अपराध मुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस द्वारा इस प्रकार के जन-जागरूकता अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

