हल्द्वानी: एक नवंबर की दिल्ली महारैली में उत्तराखंड से बड़ी संख्या में शामिल होंगे कांग्रेसजन: दीपक राठौड़. Ashok gulati एडिटर इन चीफ

खबर शेयर करें -

SIR में पात्र मतदाताओं के नाम कटने पर कांग्रेस गंभीर, वोट रक्षक पोर्टल से मतदाताओं को मिलेगी सहायता;विधानसभा स्तर पर चौपालों के जरिए संगठन मजबूत कर मिशन 2027 की तैयारियों को दी जाएगी गति. ..

हल्द्वानी, 25 अक्टूबर ।

वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के नवनियुक्त पर्यवेक्षक दीपक राठौड़ ने रविवार को हल्द्वानी स्थित होटल सौरभ में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली महारैली में उत्तराखंड से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल होंगे। महारैली के उपरांत प्रदेशभर में वोट बचाओ अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना आवश्यक है।

दीपक राठौड़ ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान जिन पात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उन्हें दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए कांग्रेस द्वारा निर्मित वोट रक्षक पोर्टल के माध्यम से प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए कांग्रेस के बूथ लेवल एजेंट (BLA) को पोर्टल के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने और पात्र मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में प्रभावी भूमिका निभाई जा सके।
उन्होंने कहा कि विधानसभा स्तर पर चौपालों के माध्यम से कांग्रेस के जमीनी संगठन को मजबूत किया जाएगा और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 यानी मिशन 2027 की तैयारियों को गति दी जाएगी। मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं में राहत दिलाना कांग्रेस की प्राथमिकता है।

SIR के नाम पर पात्र मतदाताओं के नाम कटना गंभीर चिंता का विषय: विधायक सुमित हृदयेश

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना आवश्यक है। एक व्यक्ति का नाम एक से अधिक स्थानों पर नहीं होना चाहिए। विवाह अथवा स्थायी रूप से निवास बदलने की स्थिति में मतदाता का नाम उसके वर्तमान निवास क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए। लेकिन इस प्रक्रिया में किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं कटना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लगभग 10 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने का विषय गंभीर समीक्षा की मांग करता है। इस पर पारदर्शी तरीके से तथ्यों की जांच होनी चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के लिए राहुल गांधी की सराहना भी की।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक बयान पर अपनी व्यक्तिगत राय रखते हुए विधायक ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों का अपना स्वाभिमान है। प्रदेश के लाखों लोग देश के विभिन्न हिस्सों में रहकर अपनी मेहनत और प्रतिभा से योगदान दे रहे हैं। किसी भी भारतीय नागरिक को दूसरे प्रदेश में रहने या रोजगार करने के आधार पर घुसपैठिया कहना उचित नहीं है। अखिलेश यादव को अपने बयान का संदर्भ स्पष्ट करना चाहिए। यदि उनके बयान का आशय उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताना था, तो वे इसकी कड़ी निंदा करेंगे। विधायक ने स्पष्ट किया कि इस विषय पर व्यक्त किए गए उनके विचार व्यक्तिगत हैं और इन्हें कांग्रेस पार्टी की आधिकारिक राय के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

EVM की विश्वसनीयता पर विधायक ने कहा कि इस विषय पर केवल राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि EVM की तकनीकी जांच प्रतिष्ठित IIT संस्थानों के विशेषज्ञों और स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञों से कराई जाए, ताकि तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट हो सके।

उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र और संविधान सर्वोपरि हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता परिवर्तन का रास्ता चुनाव है और जनता के निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए।

जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल एवं महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को जिले से लेकर बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। SIR प्रक्रिया के कारण मतदाता सूची से नाम कटने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता पात्र मतदाताओं की सहायता करेंगे। वोट रक्षक पोर्टल के माध्यम से मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं को चिह्नित कर उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए BLA को प्रशिक्षित करना और संगठन के प्रत्येक स्तर पर समन्वय स्थापित करना महत्वपूर्ण है।
दोनों नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और किसी भी पात्र मतदाता को मताधिकार से वंचित न रहने देने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

प्रेसवार्ता के उपरांत अभियान के नवनियुक्त पर्यवेक्षक दीपक राठौड़ ने कांग्रेस के विधानसभा प्रभारियों एवं BLA-1 के साथ बैठक की। बैठक में विधायक सुमित हृदयेश, जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल और महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट भी उपस्थित रहे।
बैठक में वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को प्रभावी बनाने, SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से संबंधित समस्याओं, वोट रक्षक पोर्टल के उपयोग और BLA को प्रशिक्षण देने सहित विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही विधानसभा स्तर पर चौपालों के आयोजन और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए मिशन 2027 की तैयारियों को गति देने पर जोर दिया गया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाना आवश्यक है। पार्टी इस दिशा में समन्वित प्रयास जारी रखेगी।

इस दौरान मुख्य रूप से हरीश मेहता, हेमंत बगड़वाल, गणेश उपाध्याय, सतीश नैनवाल, शोभा बिष्ट, भागीरथी बिष्ट, जया पाठक, नरेश अग्रवाल, डॉ. मयंक भट्ट, राम सिंह नगरकोटी, संजय किरोला, बहादुर बिष्ट, दीप चंद्र पाठक, महेश कांडपाल, मोहन बिष्ट, किरण माहरा, इंदर पाल आर्य, बिपिन खोलिया, गिरीश पांडे, गुरजीत सिंह गित्ते, मनोज शर्मा, परिमल रॉय एवं दीपक किरोला, तेज राम आर्य, शंकर कोहली, सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad