


चंपावत 09 सितंबर ।
किसानों को मिला नया बाजार: आईटीबीपी को भेजी गई 16 कुंतल से अधिक ताजी सब्जियां व फल, किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है|
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ एवं मजबूत किए जाने के दूरदर्शी संकल्प के दृष्टिगत तथा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में स्थानीय कृषकों को सीधा लाभ पहुँचाने का कार्य निरंतर जारी है।
इसी क्रम में उत्तराखंड हॉर्टिकल्चर बोर्ड एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के मध्य हुए ऐतिहासिक समझौते (एमओयू) के सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिख रहे हैं।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए जिला उद्यान अधिकारी श्री योगेश भट्ट ने बताया कि इस एमओयू के फलस्वरूप बुधवार को आईटीबीपी द्वारा की गई मांग के अनुरूप कुल 1,619 किलोग्राम (16 कुंतल 19 किलोग्राम) स्थानीय स्तर पर उत्पादित ताजी सब्जियों एवं फलों की सफलतापूर्वक आपूर्ति आईटीबीपी को कर दी गई है।
जिला प्रशासन और उद्यान विभाग की इस सांझा पहल से क्षेत्र के काश्तकारों को उनके कृषि उत्पादों का उचित मूल्य सीधे प्राप्त हो रहा है।
माननीय मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप किसानों को बिचौलियों से मुक्त कर उनके उत्पादों को सीधा बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था बनाई गई है। आईटीबीपी जैसी प्रतिष्ठित वाहिनी को स्थानीय स्तर पर ताजी सब्जियां एवं फल उपलब्ध कराने से न केवल हमारे जवानों को पौष्टिक एवं ताजा राशन मिल रहा है, बल्कि स्थानीय किसानों की उपज की बिक्री की एक स्थाई और भरोसेमंद व्यवस्था भी कायम हुई है।
उन्होंने कहा जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में विभाग निरंतर प्रयासरत है कि जनपद के अधिक से अधिक काश्तकार इस योजना से जुड़ें। आने वाले दिनों में आईटीबीपी की मांग के अनुसार आपूर्ति की इस मात्रा को और अधिक बढ़ाया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर ही किसानों को बड़ा बाजार मिलेगा और उनकी आजीविका में अभूतपूर्व सुधार आएगा।