



पंतनगर : गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग, रुद्रपुर द्वारा आज एक विशेष ‘रोड सेफ्टी (सड़क सुरक्षा) कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में परिवहन विभाग के परिवहन कर अधिकारी श्री गोविंद सिंह बिष्ट एवं श्री मुकुल अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान दोनों अधिकारियों ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के बुनियादी नियमों, यातायात संकेतों और वाहन चलाते समय ध्यान रखने योग्य अत्यंत आवश्यक जानकारियों से अवगत कराया।
परिवहन कर अधिकारियों ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीडिंग से बचने और गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया।
इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान एक संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने यातायात नियमों से जुड़ी अपनी शंकाओं का समाधान परिवहन अधिकारियों से प्राप्त किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रों ने परिवहन विभाग, रुद्रपुर एवं अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारियों की सराहना करते हुए इन नियमों का स्वयं पालन करने तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।