रानीखेत:अंकिता भंडारी हत्याकांड: कांग्रेस ने माँ दुर्गा के दरबार में लगाई न्याय की गुहार, कहा- न्याय नहीं मिला तो डालेंगे ‘घात’! संदीप पाठक की रिपोर्ट

खबर शेयर करें -

रानीखेत, ।
उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने एक बार फिर अपनी आवाज बुलंद की है। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर माँ दुर्गा के भव्य पंडाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी की आत्मा की शांति और उसे जल्द से जल्द न्याय मिलने की कामना के साथ एक भावुक अर्जी लगाई। इस दौरान पंडाल का माहौल बेहद भावुक हो उठा और कार्यकर्ताओं ने अंकिता को न्याय दिलाने के संकल्प को दोहराते हुए भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली के प्रति अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस नेताओं ने इस मौके पर सरकार और जांच एजेंसियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय मिलना केवल एक परिवार की पीड़ा का सवाल नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज की संवेदनशीलता, न्याय व्यवस्था की विश्वसनीयता और सत्ता की जवाबदेही से जुड़ा एक बड़ा विषय है। एक बेटी के साथ हुई इस दर्दनाक और जघन्य घटना को लंबा समय बीत जाने के बाद भी न्याय की मांग आज भी जस की तस कायम है। नेताओं ने स्पष्ट किया कि अंकिता को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मिलेगी, जब मामले से जुड़े सभी वीआईपी (VIP) पहलुओं की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच हो और पर्दे के पीछे छिपे असली दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पहाड़ की परंपरा के अनुसार “घात” डालेगी कांग्रेस
अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के मामले में न्यायपालिका, कार्यपालिका और जाँच एजेंसियों की भूमिका पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। न्याय की प्रक्रिया में हो रही देरी और जवाबदेही के अभाव ने अब जनता के धैर्य की परीक्षा लेनी शुरू कर दी है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि उत्तराखंड की पवित्र धरती न्याय, स्वाभिमान और संघर्ष की परंपरा के लिए जानी जाती है। यदि अंकिता को न्याय दिलाने की माँग को इसी तरह टालमटोल और अनदेखी के हवाले किया जाता रहा, तो जनता का आक्रोश उग्र रूप ले लेगा। उन्होंने कहा कि न्याय में देरी केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि पूरे समाज के विश्वास पर चोट है। यदि सरकार ने पारदर्शी जाँच और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई के माध्यम से न्याय सुनिश्चित नहीं किया, तो उत्तराखंड व पहाड़ की प्राचीन न्याय परंपरा के अनुसार कांग्रेस पार्टी अंकिता के न्याय के लिए “घात” (पारंपरिक न्याय की गुहार) डालेगी।
माँ दुर्गा के चरणों में लगाई गई यह अर्जी न सिर्फ अंकिता के लिए न्याय की प्रार्थना थी, बल्कि बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति सोई हुई सरकार को जगाने का एक मजबूत संदेश भी बनी।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित:
इस भावुक और आक्रोशपूर्ण कार्यक्रम में मुख्य रूप से महिला जिलाध्यक्ष गीता पवार, महिला नगराध्यक्ष नेहा माहरा, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज जोशी, कॉर्डिनेटर कुलदीप कुमार, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव, पंचायती राज जिलाध्यक्ष त्रिलोक आर्या, विश्व विजय सिंह माहरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्याय एवं विजय तिवारी उपस्थित रहे। इनके साथ ही वंदना जयाल, गीता माहरा, हिमानी, बबिता, उत्कर्षा, जीतन जयाल तथा मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी सहित कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad