रानीखेत: पैगम्बर साहब के योमे पैदाइश पर निकला सद्भावना मार्च, अमन-भाईचारे का दिया संदेश% संदीप पाठक की रिपोर्ट

खबर शेयर करें -

रानीखेत। पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब के योमे पैदाइश के मुबारक मौके पर बुधवार को रानीखेत में मुस्लिम समाज की ओर से सद्भावना मार्च निकाला गया। मार्च के माध्यम से देश प्रेम, आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया। साथ ही “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” का संदेश देते हुए बेटियों की शिक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता का आह्वान किया गया।

सद्भावना मार्च में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। प्रतिभागियों ने देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया। मार्च के दौरान देश की एकता और अखंडता के साथ-साथ देश के सैनिकों के सम्मान एवं उनकी सलामती की कामना भी की गई।

मार्च के उपरांत गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय, रानीखेत पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए गए। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। मुस्लिम समाज की ओर से किए गए इस सेवा कार्य को सामाजिक सद्भाव और मानव सेवा की भावना से जोड़कर देखा गया।

इस अवसर पर जामा मस्जिद के पेश इमाम मोहम्मद इंतजार राजा ने देश की सलामती, देश के सैनिकों की सुरक्षा, आपसी भाईचारे तथा हिंदुस्तान और रानीखेत शहर के सभी लोगों की सेहत, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ की। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, शांति और भाईचारे की भावना को मजबूत करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जामा मस्जिद के सदर मो. इरफान ने सद्भावना मार्च और सेवा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए प्रशासन, पुलिस विभाग, अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्टॉफ तथा रानीखेत शहरवासियों का दिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रानीखेत की पहचान हमेशा आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के लिए रही है और इसे आगे भी कायम रखना हम सभी का दायित्व है।

जलूस के उपरांत जामा मस्जिद में बच्चों के लिए दीनी क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और धार्मिक एवं नैतिक विषयों से जुड़े सवालों के जवाब दिए। इसके बाद आम न्याज (लंगर) का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने प्रसाद/भोजन ग्रहण किया।

कार्यक्रम के माध्यम से मुस्लिम समाज ने पैगम्बर साहब की शिक्षाओं में निहित प्रेम, मानवता, शांति, सेवा और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। पूरे आयोजन में देश की एकता, अमन-चैन और रानीखेत की खुशहाली के लिए सामूहिक रूप से दुआ की गई।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad