नई दिल्ली:दिल्ली वालों ने आप-दा को किया बाहर’, पीएम मोदी बोले- विकास, विजन और विश्वास की हुई जीत!

खबर शेयर करें -

दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने प्रचंड जीत के लिए दिल्ली की जनता का धन्यवाद किया। साथ ही आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर हमला बोला।दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करके भाजपा ने 27 साल का सूखा खत्म कर दिया है। भारी बहुमत से चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। जीत के जश्न में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। भाजपा मुख्यालय पर उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और दिल्ली की जनता को जीत की बधाई दी।उन्होंने कहा कि आप-दा वाले यह कहकर राजनीति में आए थे कि राजनीति बदल डालेंगे, लेकिन ये कट्टर बेईमान निकले। मैं आज अन्ना हजारे जी का बयान सुन रहा हूं। वे काफी समय से आप-दा वालों के कुकर्माें की पीड़ा झेल रहे हैं। आज उनको भी पीड़ा से मुक्ति मिली होगी। जिस पार्टी का जन्म ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध आंदोलन से हुआ, वो ही भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई। उनके मुख्यमंत्री और मंत्री जेल गए। वे खुद को ईमानदार कहते थे और दूसरों को बेईमान कहते थे। शराब घोटाले ने दिल्ली को बदनाम किया। कोराेना काल में आप-दा वाले शीशमहल बना रहे थे। उन्होंने घोटाले छिपाने के लिए साजिश रचीं। हम पहले विधानसभा सत्र में सीएजी की रिपोर्ट सदन में रखेंगे। भ्रष्टाचार की जांच होगी। लूटने वालों को लौटाना होगा। ये मोदी की गारंटी है।

दिल्ली की जनता से दिल खोलकर प्यार दिया
पीएम मोदी ने कहा कि आज दिल्ली के लोगों में उत्साह और सुकून भी है। मैंने हर दिल्ली से प्रार्थना की थी भाजपा को सेवा का अवसर दीजिए है। दिल्ली के हर परिवारीजन को मोदी को गारंटी पर भरोसा करने के लिए नमन करता हूं। दिल्ली की जनता ने दिल खोलकर प्यार दिया। दिल्ली के लोगों का यह प्यार और विश्वास हम पर कर्ज है। इसे अब दिल्ली की डबल इंजन सरकार तेजी से विकास करके चुकाएगी। आज की यह ऐतिहासिक विजय सामान्य विजय नहीं है। दिल्ली के लोगों ने आप-दा को बाहर कर दिया। एक दशक की आप-दा से दिल्ली मुक्त हुई। दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई। आंडबर, अराजकता, अहंकार और आप-दा की हार हुई है। इस नतीजे में भाजपा कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत, परिश्रम विजय को चारचांद लगाता है। सभी कार्यकर्ता विजय के हकदार हैं। सभी को विजय की बधाई देता हूं।

शॉर्टकट वाली राजनीति का जनता ने शॉर्ट सर्किट कर दिया
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने साफ किया कि दिल्ली की असली मालिक जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हुआ है। दिल्ली के जनादेश से ये भी साफ है कि राजनीति में शॉर्टकट, झूठ-फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। जनता ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शॉर्ट सर्किट कर दिया। लोकसभा चुनाव में भी दिल्ली ने निराश नहीं किया। तीन चुनावों में दिल्ली लोगों ने भाजपा को सात सीटों पर विजयी बनाया। पीएम मोदी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के मन में दिल्ली की पूरी तरह से सेवा न कर पाने की टीस थी। आज वह टीस खत्म हुई। अब युवा पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेंगे। नतीजों से साफ है कि लोगों में भाजपा की डबल इंजन सरकार के प्रति भरोसा है।

दिल्ली में रचा नया इतिहास
उन्होंने कहा कि हमने पहले हरियाणा, फिर महाराष्ट्र और अब दिल्ली में नया इतिहास रचा है। हमारा दिल्ली अब एक शहर नहीं है, ये दिल्ली मिनी हिंदुस्तान है, लघु भारत है। दिल्ली एक भारत-श्रेष्ठ भारत के विचार को जी जान से जीती है। दिल्ली में पूरे देश के लोग हैं। दिल्ली विविधताओं से भरे भारत का लघुरूप है। आज दिल्ली ने भाजपा को प्रचंड जनादेश का आशीर्वाद दिया है। दिल्ली में हर जगह कमल खिला है। हर भाषा और राज्य के लोगों ने कमल पर मुहर लगाई। इस चुनाव में मैं जहां भी गया वहां मैं गर्व से कहता था कि मैं तो पूर्वांचल से सांसद हूं। पूर्वांचल से मेरा अपनेपन का रिश्ता है। पूर्वांचल के लोगों ने रिश्ते को प्यार, विश्वास की नई ऊर्जा दी है।

देश तुष्टिकरण नहीं अब भाजपा के संतुष्टिकरण को चुन रहा है
उन्होंने कहा कि जब हर एक का साथ मिलता तो हर दिल्लीवासी को मेरी गारंटी है कि सबका साथ, सबका विकास, पूरी दिल्ली का विकास होगा। दिल्ली के विजय उत्सव के साथ अयोध्या के मिल्कीपुर में भी भाजपा को शानदार जीत मिली है। हर वर्ग ने भाजपा को अभूतपूर्व मत दिया है। आज देश तुष्टिकरण नहीं संतुष्टिकरण को चुन रहा है। दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की राजनीति, टकराव और प्रशासनिक अनिश्चितता ने लोगों का बहुत नुकसान किया। दिल्ली के विकास के सामने से बड़ी रुकावट लोगों ने दूर कर दी है। इन लोगों ने मेट्रो का काम रोका। आप-दा वालों ने झुग्गीवालों को घर देने से रोका। आयुष्मान भारत का लाभ मिलने नहीं दिया। अब जनता ने साफ संदेश दिया है। दिल्ली का शासन प्रचार, नौटंकी का मंच नहीं है। जनता ने डबल इंजन सरकार को चुना। हम पूरी तरह से धरातल पर रहकर काम करेंगे। हम दिल्ली की सेवा में दिन रात देंगे।


पीएम ने कहा कि देश जानता है कि जहां एनडीए है वहां विकास और विश्वास है। एनडीए का हर जनप्रतिनिधि लोगों की जीत के लिए काम करता है। जहां एनडीए को जनादेश मिला है, हमने उस राज्य को विकास की ऊंचाई पर पहुंचाया है। लोग हमारी सरकारों को दूसरी-तीसरी बार चुन रहे हैं। हर राज्य में हमें दोबारा सत्ता मिली है। दिल्ली के पास यूपी है। एक जमाने में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था बड़ी चुनौती थी। यूपी में दिमागी बुखार का कहर बरसता था। हमने इसका अंत करने के लिए संकल्पबद्ध होकर काम किया। महाराष्ट्र में सूखा खत्म करने के लिए काम किया। हरियाणा में बिना खर्ची और बिना पर्ची के सरकारी नौकरी देने का काम किया। पूर्वाेत्तर में लोगों को विकास की नई धारा से जोड़ा। गुजरात आज कृषि क्षेत्र में आगे बढ़ा है। बिहार में नीतीश को अवसर मिला तो एनडीए की सरकार आने पर बदलाव आया। आंध्र में चंद्रबाबू नायडू ने अपना ट्रैक रिकॉर्ड साबित किया। एनडीए यानि विकास, सुशासन की गारंटी।

दिल्ली की महिलाओं से किया वादा पूरा करेंगे
पीएम मोदी ने कहा कि इस बार दिल्ली में झुग्गी में रहने वालों और मध्यम वर्ग ने भाजपा को जबरदस्त समर्थन दिया। हर वर्ग के प्रोफेशनल हमारी पार्टी में काम कर रहे हैं। हमारी पार्टी ने हमेशा मध्यम वर्ग को प्राथमिकता पर रखा। हमने दिल्ली में सबसे पहले मेट्राे का काम शुरू किया। अन्य शहरों में भी काम हुआ। अब लोग अपने सपनों को पूरा कर रहे हैं। अब लोगों को अच्छी स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधा मिल रही है। नारीशक्ति का आशीर्वाद हमारा रक्षा कवच है। नारीशक्ति ने एक बार फिर हमें आशीर्वाद दिया है। हमने हर राज्य में नारी शक्ति से किए हर वादे को पूरा किया है। आज करोड़ों माताओं बहनों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है। दिल्ली की महिलाओं से किया वादा भी पूरा किया जाएगा। ये मोदी की गारंटी यानि गारंटी पूरा होने की गारंटी है।


उन्होंने कहा कि टूटी सड़कें, सीवरेज, प्रदूषित हवा से दिल्ली की जनता परेशान रही है। भाजपा सरकार इसे दूर करेगी। आजादी के बाद पहली बार दिल्ली एनसीआर में भाजपा का शासन आया है। यह सुखद संयोग है। इससे दिल्ली और एनसीआर में तरक्की के अनगिनत रास्ते खुलने जा रहे हैं। आने वाले समय में पूरे क्षेत्र में मोबिलिटी और बुनियादी ढांचे पर काम हो। युवाओं को तरक्की के अवसर मिलें। देश शहरीकरण की ओर बढ़ रहा है। पहले की सरकारों ने इसे चुनौती समझा। मेरा मानना है कि शहरीकरण लोगों को सशक्त करने का माध्यम है। दिल्ली भारत का गेटवे है। इसे देश का सर्वश्रेष्ठ शहरी बुनियादी ढांचा मिलना चाहिए। लोगोें ने हमारा काम देखा है। अब हम पूरी शक्ति से काम में जुटेंगे।

मां यमुना की सेवा के लिए करेंगे काम
उन्होंने कहा कि यह जनादेश विकास और विरासत की समृद्धि के लिए भी है। मां यमुना हमारी आस्था का केंद्र हैं। हम लोग हमारा सदा मंगल करने वाली यमुना देवी को नमस्कार करते हैं, लेकिन उसी यमुना की इन लोगों ने दुर्दशा कर दी है। दिल्ली तो यमुना की गोद में पनपी है। दिल्ली की आप-दा ने आस्था का अपमान किया। दिल्ली की आप-दा ने लोगों की भावनाओं, आस्था को पैरों तले कुचला है। अपनी नाकामी के लिए हरियाणा के लोगों पर आरोप लगाया है। मैंने संकल्प लिया है कि यमुना को दिल्ली की पहचान बनाएंगे। मैं जानता हूं कि ये काम कठिन है। यह लंबे समय का काम है। समय कितना ही न लगे, संकल्प मजबूत है तो यमुना जी का आशीर्वाद रहेगा। हम यमुना जी की सेवा के लिए काम करेंगे।


कांग्रेस ने जीरो की डबल हैट्रिक लगाई
पीएम मोदी ने कहा कि जनता ने एक बार फिर कांग्रेस को कड़ा संदेश दिया है। कांग्रेस ने जीरो की डबल हैट्रिक लगाई है। देश की सबसे पुरानी पार्टी का लगातार छह बार से दिल्ली में खाता नहीं खुल सका है। ये खुद को पराजय का गोल्ड मेडल दे रहे हैं। कांग्रेस पर देश भरोसा करने के लिए तैयार नहीं है। कांग्रेस परजीवी पार्टी बन चुकी है। कांग्रेस एक के बाद एक अपने सहयोगियों को खत्म कर रही है। कांग्रेस अपने सहयोगियों की भाषा और एजेंडे को चुरा रही है। उनके मुद्दे चुराती है और फिर उनके वोट बैंक में सेंध लगाती है। यूपी में सपा और बसपा के वोट बैंक को चुराया। तमिलनाडु में डीमएके, बिहार में आरजेडी की जमीन को खाने में जुट गई है। कश्मीर और बंगाल में भी ऐसा किया गया। आज दिल्ली में भी साफ हुआ कि कांग्रेस का हाथ थामने वालों का बंटाधार हो जाता है।

अर्बन नक्सलियों की राजनीति कर रही कांग्रेस
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2014 के बाद पांच साल तक हिंदू बनने की कोशिश की। उनको लगा कि ऐसा करके भाजपा के वोट बैंक सेंध लगा देंगे। मगर सफलता नहीं मिली। अब उनकी नजर राज्यों की पार्टियों पर है। इंडी गठबंधन के दल कांग्रेस का करेक्टर समझने लगे हैं। दिल्ली में हमने देखा कि इंडी के दलों ने एकजुट होकर कांग्रेस को हैसियत बताने की कोशिश की। इंडी गठबंधन दिल्ली में कांग्रेस के खिलाफ था। वे कांग्रेस को रोकने में तो सफल रहे, मगर आप-दा बचाने में कामयाब नहीं हुए। कांग्रेस का हाथ थामने वाले इसलिए बर्बाद हैं कि आज कांग्रेस बदल गई है। आजादी के बाद तक जो कांग्रेस थी, अब वह नहीं है। अब कांग्रेस देशहित नहीं अर्बन नक्सलियों की राजनीति कर रही है। वे समाज और देश में अराजकता लाने की भाषा का प्रयोग करते हैं। आप-दा भी इसी सोच को बढ़ा रही थी। कांग्रेस की सोच दुनिया में भारत की उपलब्धियों पर सवाल खड़े करती है। कांग्रेस हर कदम पर बर्बाद हो रही है।

युवा राजनीति में आएं
उन्होंने कहा कि मैं युवाओं से कहता हूं कि वे राजनीति में आएं। विकसित भारत को नई प्राण शक्ति की जरूरत है। राजनीति को नई ऊर्जा और चिंतन की जरूरत है। अच्छे युवा राजनीति में नहीं आएंगे तो ऐसे लोग राजनीति पर कब्जा कर लेंगे जो राजनीति में नहीं आने चाहिए। देश को धूर्तता और मूर्खता की राजनीति नहीं चाहिए। देश का युवा राजनीति में नहीं आएगा तो देश फंस जाएगा। विकसित भारत के लिए राजनीति में नयापन लाना है। हमारी विजय नई जिम्मेदारी लेकर आई है। भाजपा रिफॉर्म और परफाॅर्म की गारंटी देती है। हमें दिल्ली के विकास के लिए मिलकर काम करना है। हम मिलकर दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाएंगे। मैंने हमेशा जिस मंत्र को जिया है वो है हमें हमेशा जब जब विजय मिले अपनी नम्रता को छोड़ना नहीं है। समाज सेवा को छोड़ना नहीं है। हम सता सुख नहीं सेवा भाव से आए लोग हैं। हम सत्ता सुख में समय बर्बाद नहीं करेंगे। दिल्ली और पूरे एनसीआर के विकास के जो सपने हमने सजाएं हैं वे हम पूरे करेंगे।

इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि ऐतिहासिक जीत पर कार्यकर्ताओं की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन करता हूं। पीएम मोदी के नेतृत्व में एक के बाद एक पार्टी ने जीत हासिल की है। मैं दिल्ली की जनता को बधाई देता हूं। दिन रात मेहनत करने वाले पार्टी के कार्यकर्ताओं को साधुवाद। यह चुनाव और इससे पहले लोकसभा चुनाव में दिल्ली की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया कि दिल्ली के दिल में मोदी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 10 साल में राजनीतिक संस्कृति में परिवर्तन किया। विकासवाद, गरीब, दलित की चिंता और काम किया, उस पर नतीजों ने मुहर लगाई है। एक समय में राजनीति में लोकलुभावने भाषण दिए जाते थे। पीएम मोदी ने रिपोर्ट कार्ड की राजनीति को जन्म दिया। उन्होंने जो कहा वो किया और जो नहीं कहा वह भी किया। यह बात जन-तन के जुबान पर चढ़ गई कि मोदी की गारंटी पूरी होती है।

उन्होंने कहा कि चुनाव का संदेश कट्टर बेईमान नेता और कट्टर बेईमान पार्टी को मुंहतोड़ जवाब है। उन्होंने दिल्ली को कूड़ादान बना दिया था। उन्होंने घर-घर के आगे कूड़ों का ढेर लगा दिया। शुद्ध पानी की जगह जनता को गंदा पानी पीने को मजबूर किया। दिल्ली के बच्चों को विज्ञान की पढ़ाई से दूर रखा। लोगों को गड्ढों वाली सड़कों से दूर रखा। दिल्ली की जनता ने उनको घर बिठाया। आपदा आम आदमी पार्टी झूठ बोलने की फैक्टरी है। झूठ की संपदा है। …..


+मिल्कीपुर उप-चुनाव के संदर्भ में मोदी ने क्या कहा सुनिए

भ्रष्टाचार के नए-नए तरीके निकालने वाली फैक्टरी है। कट्टर ईमानदार कट्टर भ्रष्टाचारी निकले। वे जेल की हवा खाकर आए। उनकी हार से स्पष्ट है कि दिल्ली की जनता ने उनके जेल जाने पर मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को एक बार फिर बधाई देता हूं। एक और पार्टी है, जो अपने स्कोर पर बनी हुई है। हर चुनाव में नतीजे उनके जीरो रहेंगे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad