रुद्रपुर 8 सितंबर |
राज्य सरकार ने राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि के तहत जनपद में विभागीय और सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण के लिए स्वीकृत विकास योजनाओं हेतु बजट आवंटन को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा विकास खंड में बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी दो प्रमुख योजनाओं के लिए प्रथम किश्त के रूप में बजट मंजूर किया गया है।
भारत-नेपाल सीमा पर जगबूढ़ा नदी के दायें पार्श्व पर स्थित ग्राम सिसैया,मेलाघाट एवं एसएसबी कैंप कार्यालय के बचाव हेतु ₹462.62 लाख की स्वीकृत लागत वाली बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए ₹185.05 लाख की प्रथम किश्त आवंटित की गई है। वहीं खटीमा के 7 गांवों में आवासीय भवनों को नदी/नालों की बाढ़ से बचाने के लिए ₹401.42 लाख की योजना स्वीकृत है,जिसके लिए ₹160.57 लाख की प्रथम किश्त आवंटित की गई है। सरकार के इस कदम से सीमावर्ती एवं बाढ़ प्रभावित ग्रामीण इलाकों को बड़ी राहत मिलेगी।