
चम्पावत 04 सितंबर, ।
पहाड़ के दूरस्थ गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा कदम, केंद्र को भेजा 329 नई सड़कों का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा कदम: PMGSY-IV के तहत चम्पावत की 350 किमी सड़कों का प्रस्ताव केंद्र प्रेषित, विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे दुर्गम क्षेत्र
उत्तराखंड के पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने तथा दूरस्थ गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया है।
प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के चौथे चरण के तहत राज्य में 1,793 किलोमीटर कुल लंबाई की 329 नई सड़कों के निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव स्वीकृति हेतु केंद्र सरकार को भेजा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस दूरदर्शी कदम से प्रदेश के सुदूर क्षेत्रों में आवागमन की व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और स्वरोजगार के अवसर भी बेहतर होंगे।
इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत सीमांत जनपद चम्पावत के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। चम्पावत की लगभग 350 किलोमीटर लंबी सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण को इस प्रस्ताव में शामिल किया गया है। इन नए मार्गों के बनने से मोस्टा-बकोडा, शील-बरूडी और ख़िरद्वारी जैसे अत्यंत दुर्गम, दूरस्थ और सीमांत क्षेत्र सीधे मुख्य सड़क नेटवर्क से कनेक्ट हो सकेंगे।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनपद को मिलने जा रही सड़कों की यह सौगात क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए एक वरदान साबित होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि इन सड़कों का निर्माण होने से स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों को आवागमन में अभूतपूर्व सुगमता मिलेगी। आपातकालीन परिस्थितियों, विशेषकर स्वास्थ्य संबंधी आपातकाल में मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद आसान हो जाएगा।उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे के मजबूत होने से पहाड़ से होने वाले पलायन पर भी प्रभावी रोक लगेगी तथा सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार आएगा।