
हरिद्वार, : वैरागी कैंप
आज हरिद्वार के वैरागी कैंप में आयोजित “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के अवसर पर देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विभिन्न अवसरों पर दिए गए संबोधनों के संकलन “विकल्प रहित संकल्प” पुस्तक का लोकार्पण किया गया।
यह पुस्तक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अब तक के कार्यकाल के दौरान विभिन्न मंचों पर दिए गए विचारोत्तेजक और दूरदर्शी संबोधनों का संकलन है, जो उत्तराखंड के विकास, सुशासन, राष्ट्रहित और जनसेवा के प्रति उनकी स्पष्ट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस पुस्तक के संकलक एवं संपादक गिरिजा शंकर जोशी हैं, जो मूल रूप से जनपद पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट क्षेत्र के पोखरी ग्राम के निवासी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के महत्वपूर्ण संबोधनों को एकत्रित कर पुस्तक के रूप में संकलित किया है, ताकि जनसामान्य, शोधकर्ताओं तथा युवाओं को उत्तराखंड के विकास विज़न और नीतिगत दिशा को समझने का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, गणमान्य अतिथियों और बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने इस पुस्तक के प्रकाशन को उत्तराखंड की विकास यात्रा और मुख्यमंत्री धामी के संकल्पों को दस्तावेज़ी रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “विकल्प रहित संकल्प” केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि उत्तराखंड के समग्र विकास, सांस्कृतिक अस्मिता और जनकल्याण के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों का प्रतिबिंब है। यह पुस्तक आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।