

चम्पावत 07 अप्रैल 2026, सूवि।
चंपावत का ऐतिहासिक प्रदर्शन — राज्य स्तरीय यूथ बॉक्सिंग में पहली बार जीती ओवरऑल ट्रॉफी
चंपावत :मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में जनपद चंपावत में खेल अवस्थापना का निरंतर विस्तार, खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण तथा प्रशिक्षकों की सक्रिय भूमिका से खेलों को नई दिशा मिल रही है, जिसका परिणाम अब राज्य स्तर पर देखने को मिल रहा है।
03 अप्रैल से 05 अप्रैल तक हरिद्वार में आयोजित 8वीं राज्य स्तरीय उत्तराखंड यूथ बॉक्सिंग बालक एवं बालिका प्रतियोगिता में चंपावत (टनकपुर) के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर ओवरऑल ट्रॉफी अपने नाम की, जो जनपद के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। पहली बार चंपावत ने बॉक्सिंग में यह गौरव हासिल किया है।
बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित कुंवर के नेतृत्व में टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कुल 3 स्वर्ण, 1 रजत एवं 4 कांस्य पदक अर्जित किए। स्वर्ण पदक विजेताओं में प्रियांशु कुमार (50 किग्रा), राहुल गड़िया (60 किग्रा) एवं अनुज महर (65 किग्रा) शामिल रहे, जबकि हर्षित थापा (75 किग्रा) ने रजत पदक प्राप्त किया। वहीं कांस्य पदक उत्सव सिंह यादव (55 किग्रा), अर्जुन सिंह (65 किग्रा) एवं सोहेल राणा (70 किग्रा) ने हासिल किए।
इस ऐतिहासिक सफलता पर जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि जनपद में खेलों को बढ़ावा देने हेतु किए जा रहे सतत प्रयासों से युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, स्टेडियम प्रभारी मुकेश शर्मा सहित अन्य अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त किया।